IND vs SA: क्यों भारतीय टीम 3 दिन में ही हार गई टेस्ट मैच, जानें इसके 3 बड़े कारण
IND vs SA 1st Test: भारतीय टीम को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सेंचुरियन टेस्ट मैच में महज तीन दिनों में ही हार का सामना करना पड़ा है। इससे अब टीम इंडिया का दक्षिण अफ्रीका में सीरीज जीतने का इंतजार और बढ़ गया है। मैच में भारतीय टीम को एक पारी और 32 रनों से हार का सामना करना पड़ा।
दूसरी पारी में भारतीय टीम 131 रनों के मामूली स्कोर पर ऑल आउट हो गई। यह बात थोड़ी हैरान करती है क्योंकि इसी पिच पर दक्षिण अफ्रीका ने पहली पारी में 408 रन बनाए थे। तीन दिनों के भीतर भारत को हार का सामना करना पड़ा है और इसके पीछे कुछ कारण रहे हैं।

13 बल्लेबाजों का सिंगल डिजिट स्कोर
भारतीय टीम इस मुकाबले की दोनों पारियों में ही बल्लेबाजी के लिहाज से बुरी तरह फ्लॉप रही है। केएल राहुल के बल्ले से पहली पारी में आया शतक और दूसरी पारी में कोहली के 76 रनों को छोड़ दें तो कोई भी बल्लेबाज नहीं टिका। पहली पारी में 5 बल्लेबाज सिंगल डिजिट में आउट हुए और दूसरी पारी में यह आंकड़ा 8 बल्लेबाजों तक चला गया। जब रन ही नहीं बनेंगे तो मैच लम्बा कैसे चलेगा। टीम इंडिया की हार का यह प्रमुख कारण रहा।
शार्दुल और कृष्णा ने लुटाए रन
प्रसिद्ध कृष्णा अपना पहला टेस्ट खेल रहे थे लेकिन घरेलू क्रिकेट में उनको खेलने का काफी अनुभव है। उनकी गेंदबाजी में लाइन और लेंथ की पूरी कमी दिखाई दी। विपक्षी बल्लेबाजों ने आसानी से उनको चौके जड़े। कुछ यही हाल शार्दुल ठाकुर का रहा। शार्दुल ठाकुर ने 19 ओवरों में 101 रन खर्च किए। प्रसिद्ध कृष्णा ने 20 ओवर में कुल 93 रन दिए। लगभग 200 रन इन दोनों ने खर्च किये। इससे अफ्रीका को बड़ा स्कोर करने का मौका मिल गया।
डीन एल्गर की बड़ी पारी
अफ्रीकी ओपनर बल्लेबाज डीन एल्गर ने क्रीज का एक कोना पकड़कर रन बनाए। भारतीय गेंदबाज उनको आउट करने में नाकाम रहे, वह 185 रन जड़कर गए। खुद रन बनाने के अलावा उन्होंने अन्य बल्लेबाजों के साथ मिलकर भी साझेदारियां करते हुए टीम को 163 रनों की बड़ी बढ़त तक पहुंचा दिया। वहां से उनके गेंदबाजों ने काम कर दिया और भारत को 131 पर आउट कर मैच 3 दिनों के अंदर ही समाप्त कर दिया।












Click it and Unblock the Notifications