IND vs SA : ऋषभ पंत ने जड़ा शतक, चाैके-छक्के लगाकर बनाए कई रिकाॅर्ड, धोनी भी रह गए पीछे
केपटाउन : आखिरकार एक बार फिर भारतीय क्रिकेट फैंस को विकेटकीपर ऋषभ पंत के बल्ले से टेस्ट में धमाकेदार पारी देखने को मिली है। वो भी उस समय जब टीम को उसकी बेहद जरूरत थी। पंत की फाॅर्म पर जब भी सवाल उठे हैं, उन्होंने अहम मैच में फिर बड़ी पारी खेलकर जवाब दिया है। ठीक वैसे ही जैसे पिछले साल ऑस्ट्रेलिया में दिया था। अब साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीन टेस्ट मैचों की सीरीज के शुरूआती दो मैचों में फ्लाॅप होने के बाद पंत ने आखिरी मैच की दूसरी पारी में शानदार शतक जड़ा, जिसकी बदाैलत भारत साउथ अफ्रीका के सामने 212 रनों का लक्ष्य रख सका।

वनडे क्रिकेट की तरह खेल बनाए जबरदस्त रिकाॅर्ड
पंत ने वनडे क्रिकेट की तरह खेल दिखाते हुए अफ्रीकी गेंदबाजों की क्लास लगाई है। उन्होंने 133 गेंदों में अपना शतक पूरा किया, जिसमें 6 चाैके व 4 छक्के शामिल रहे। उन्होंने पारी के शुरूआती 50 रन तो सिर्फ 57 गेंदों में ही बना दिए थे। हालांकि इसके बाद जब दूसरे छोर से विकेट गिरने लगे तो वह थोड़ा संभलते हुए दिखे। पंत का यह टेस्ट करियर का चाैथा शतक रहा है जो 48वीं पारी में आया है। इस शतक के साथ उन्होंने कई रिकाॅर्ड अपने नाम कर लिए।

तोड़ा धोनी का रिकाॅर्ड
इस पारी के साथ पंत ने महेंद्र सिंह धोनी का बड़ा रिकाॅर्ड तोड़ दिया है। यह रिकाॅर्ड है साउथ अफ्रीका में किसी एशियाई विकेटकीपर द्वारा सबसे बड़ी पारी खेलने का। पंत से पहले धोनी ने यहां 2011 में सेंचुरियन में 90 रनों की पारी खेली थी। इसके बाद तीसरे नंबर पर श्रीलंका के पूर्व विकेटकीपर कुमार संगकारा हैं जिन्होंने 2003 में 89 रनों की पारी खेली थी। वहीं बंग्लादेश के लिटन दास ने 2018 में साउथ अफ्रीका की धरती पर 70 रनों की पारी खेली थी। अब पंत इन सबको पछाड़कर बताैर विकेटकीपर अफ्रीकी धरती पर बड़ी पारी खेलने वाले इकलाैते कप्तान बन गए हैं।
ऐसा करने वाले दूसरे बल्लेबाज बने
इसके अलावा पंत टेस्ट की 50 पारियों में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। पंत ने 48 पारियों में 38 छक्के पूरे कर लिए हैं तो वहीं रोहित शर्मा ने अपने शुरूआती टेस्ट करियर की 50 पारियों में 45 छक्के लगाए थे। रविंद्र जडेजा ने 32 तो धोनी ने शुरूआती 50 टेस्ट पारियों में 31 छक्के लगाए थे। पांचवें नंबर पर सहवाग हैं जिन्होंने 30 छक्के लगाए थे।

इस मामले में पहले एशियाई विकेटकीपर भी बने
साथ ही, पंत 25 की उम्र से पहले ही SENA देशों में 6 बार से ज्यादा 50 से अधिक स्कोर करने वाले पहले एशियाई विकेटकीपर भी बन गए हैं। पंत अभी 24 साल के हैं। दिनेश चांडिमल दूसरे नंबर पर हैं जिन्होंने बताैर विकेटकीपर 25 की उम्र की पहले से ही SENA देशों में 3 बार 50 से अधिक की टेस्ट पारियां खेली हैं।
पंत उस समय छठे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए थे जब भारत के 58 के स्कोर पर 4 विकेट गिर चुके थे। एक तरफ जहां अन्य बल्लेबाज संघर्ष करते दिखे तो वहीं पंत ने आते ही बड़े शाॅट खेलना शुरू कर दिया था। पंत की पाॅवर का इसी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि कोहली 143 गेंदों का सामना करने के बाद सिर्फ 29 रन ही बना सके थे। पंत एक छोर से डटे रहे तो दूसरे छोर से लगातार विकेट गिरने के कारण भारत दूसरी पारी में महज 198 रनों पर ढेर हो गया, जिसमें पंत के नाबाद 100 रन रहे।
यह भी पढ़ें- WATCH VIDEO : फील्डर ने हवा में छलांग लगाते हुए एक हाथ से लपका कैच, देखते ही रह गए पुजारा












Click it and Unblock the Notifications