Hardik Pandya के छक्के से घायल हुआ कैमरामैन, खुद आइस पैक लेकर पहुंचे पंड्या, लगाया गले तो फैंस भी हुए इमोशनल
IND vs SA Highlights 5th T20 Hardik Pandya: भारतीय टीम के मैच विनर ऑलराउंडर खिलाड़ी हार्दिक पंड्या फॉर्म में लौट आए हैं। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले गए पांचवें और निर्णायक टी20 मैच में हार्दिक ने तेज तर्रार अंदाज में अर्धशतकीय पारी खेली। लेकिन मैच के दौरान कुछ ऐसा हुआ जिसने फैंस का ध्यान खींचने का काम किया। बल्लेबाजी के अलावा अपने व्यवहार के कारण भी वह सुर्खियां बटोर रहे हैं।
पंड्या के शॉट पर कैमरामैन को लगी चोट (IND vs SA Highlights 5th T20 Hardik Pandya)
क्रिकेट को 'जेंटलमैन गेम' क्यों कहा जाता है, इसका जीता-जागता उदाहरण हार्दिक पंड्या ने पेश किया है। दरअसल, मैच के दौरान हार्दिक पंड्या एक अलग ही अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे थे। इसी दौरान उनके बल्ले से निकला एक शॉट सीधा बाउंड्री लाइन पर तैनात एक कैमरामैन की बांह पर जा लगा। चोट काफी तेज थी और कैमरामैन दर्द से कराह उठा। हालांकि मैच चलता रहा, लेकिन हार्दिक इस घटना को भूले नहीं थे।

कैमरामैन के पास पहुंचे पंड्या
मैच खत्म होते ही हार्दिक सीधा उस कैमरामैन के पास पहुंचे। उन्होंने न केवल उसे गले लगाया, बल्कि खुद अपने हाथों से उसकी चोट पर 'हीटिंग पैड' लगाया और हाल-चाल जाना। हार्दिक के इस व्यवहार को देखकर कैमरामैन भावुक हो गया और सोशल मीडिया पर इसका वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। फैंस पंड्या की तारीफों के पुल बांध रहे हैं।
मैच में आया हार्दिक का तूफान
इस मुकाबले में हार्दिक ने महज 25 गेंदों में 63 रनों की आक्रामक पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 5 गगनचुंबी छक्के शामिल थे। उन्होंने इसके साथ ही भारत के लिए दूसरा सबसे तेज अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड भी बनाया। गेंदबाजी में भी उन्होंने डेवाल्ड ब्रेविस का अहम विकेट चटकाया। मैच के बाद हार्दिक ने कहा कि जीत के लिए खेलना ही मेरा मकसद है। मुझे पता नहीं था कि मैंने दूसरा सबसे तेज अर्धशतक लगाया है, लेकिन खुशी है कि यह रिकॉर्ड अभी भी युवी पा (युवराज सिंह) के नाम है।
भारत ने 3-1 से जीती सीरीज
भारत ने इस मैच में तिलक वर्मा के शानदार 73 और हार्दिक के 63 रनों की बदौलत 231 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था। दक्षिण अफ्रीका ने क्विंटन डी कॉक के 65 रनों की मदद से तेज शुरुआत की, लेकिन वरुण चक्रवर्ती के 4 विकेटों ने मैच का पासा पलट दिया। भारत ने यह मैच 30 रनों से जीतकर सीरीज पर 3-1 से कब्जा कर लिया।












Click it and Unblock the Notifications