'2 ओवर शुरू के 2 बाद के', काम वही, कप्तान नया, पंत की छूट से भुवनेश्वर बन गए 'प्लेयर ऑफ द सीरीज'
बेंगलुरु, 19 जून: भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच टी20 सीरीज का फैसला हो गया है और यह निर्णय बारिश ने लिया है कि श्रृंखला 2-2 से ड्रा रहेगी। इस तरह से ना दक्षिण अफ्रीका के हाथ मायूसी लगी और ना ही भारतीय टीम बहुत निराश होकर जा रही है। पांचवां मुकाबला बेंगलुरू के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में देखने को मिला लेकिन यहां पर बारिश का जलवा अधिक कायम रहा। लगातार बारिश और गीली आउटफील्ड के चलते अंपायरों को मैच को रद्द करने का फैसला करना पड़ा जिसके चलते यह सीरीज 2-2 से ड्रा हो गई।

मजेदार सीरीज का नतीजा नहीं निकल पाया
सीरीज काफी मजेदार रही क्योंकि दक्षिण अफ्रीका ने शुरुआती 2 मुकाबले जीतने के बाद भारत को बैकफुट पर ला दिया था लेकिन कुछ अच्छे प्रदर्शन के दम पर टीम इंडिया अगले दो मैचों में कामयाबी हासिल करने में सफल रही और सीरीज बिना किसी नतीजे के समाप्त हो गई। पांचवे T20 में केवल 3.3 ओवर का खेल हो सका, जब दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतने के बाद भारत को बॉलिंग करने का फैसला किया। इस दौरान भारतीय टीम ने ऋतुराज गायकवाड और ईशान किशन के विकेट थोड़े जल्दी खो दिए थे।

भुवनेश्वर कुमार इस बार बहुत शानदार दिखाई दिए
इस श्रंखला को कई चीजों के लिए याद किया जा सकता है जिसमें भुवनेश्वर कुमार भी एक है। भारत के इस सीनियर तेज गेंदबाज पर अब कोई दांव नहीं लगाना चाहता था लेकिन उन्होंने बहुत बढ़िया तरीके से वापसी की। आईपीएल में अपने पूरे रंग में नहीं नजर आने वाले भुवनेश्वर कुमार इस बार बहुत शानदार दिखाई दिए और उन्होंने चार मुकाबलों में 14.1 के औसत से 6 विकेट चटकाए। भुवनेश्वर ने दूसरे टी20 मुकाबले में 4 ओवर में 13 रन देकर 4 विकेट हासिल किए थे जो उनका श्रंखला में बेस्ट प्रदर्शन रहा।

इस वापसी से भुवनेश्वर गदगद हैं
अगर हम भुवी के इकोनामी रेट की बात करें तो उन्होंने श्रंखला में पांचों मुकाबले खेलने वाले खिलाड़ियों में बेस्ट इकोनामी रेट हासिल किया है। भुवनेश्वर ने 6.07 के इकोनॉमी रेट के साथ गेंदबाजी की। जाहिर है इस वापसी से भुवनेश्वर गदगद हैं उनको प्लेयर ऑफ द सीरीज अवार्ड से नवाजा गया है और उनका कहना है जब आप को मैन ऑफ द सीरीज मिलता है तो यह हमेशा गर्व का क्षण होता है और अगर आपको T20 क्रिकेट में गेंदबाजी करते हुए ये मिलता है तो यह अवार्ड और भी खास बन जाता है।

मेरा काम अभी भी वही रहता है
भुवनेश्वर ने कहा कि मैं हमेशा मजबूत वापसी करने पर फोकस करता हूं चाहे मेरी गेंदबाजी हो या फिर फिटनेस हो। भुवनेश्वर ने इस दौरान इस श्रंखला में किए गए बहुत अच्छे प्रदर्शन के बारे में ज्यादा सोचने से इनकार कर दिया और बेहतर खेल खेलने वाली प्रोसेस पर ही अधिक ध्यान दिया। उन्होंने आगे कहा कि, मुझे खेलते हुए कई साल हो गए हैं, लेकिन मेरा काम अभी भी वही रहता है। मैं पावरप्ले में दो और डेथ ओवर में दो ओवर बोलिंग करता हूं। यह चीजें हमेशा एक जैसी रहती हैं लेकिन एक सीनियर खिलाड़ी के नाते मैं हमेशा यह सोचता हूं युवाओं की मदद कैसे की जाए।

पंत की छूट से भुवनेश्वर बन गए 'प्लेयर ऑफ द सीरीज'
इस दौरान भुवनेश्वर कुमार ने स्टैंड-इन कप्तान ऋषभ पंत की भी तारीफ की और बताया कि पंत ने किस तरह से गेंदबाजी में उनको पूरा सहयोग दिया। भुवनेश्वर कहते हैं, "मैं बहुत खुशनसीब हूं कि कप्तान ने मुझे पूरी छूट दी और कहा कि मैं जो भी चाहता हूं वह करूं। इस तरह से देखा जाए तो मैं काफी खुश नसीब रहा।"












Click it and Unblock the Notifications