IND vs PAK: जब अख्तर की हरकत पर द्रविड़ ने खोया था आपा, भरे मैदान में लगाई थी 'रावलपिंडी एक्सप्रेस' की क्लास
नई दिल्ली, 25 अगस्त। इंडिया और पाकिस्तान के बीच होने वाले क्रिकेट मैच के बारे में भले ही खिलाड़ी कहें कि ये मैच दूसरे मैचों जैसा ही है लेकिन ये बात बखूबी वो भी जानते हैं कि ये मैच दोनों देश के लोगों के लिए क्या मायने रखता है? हिंदुस्तान में क्रिकेट एक धर्म की तरह है और इसी वजह से भारत-पाक क्रिकेट मुकाबला देश का हॉट टॉपिक बन जाता है। एक बार फिर से इंडिया-पाकिस्तान की क्रिकेट टीमें एशिया कप 2022 टूर्नामेंट में 28 अगस्त यानी कि रविवार को आमने-सामने होने वाली हैं।

राहुल द्रविड़ को आया था गुस्सा
अब ये हॉट संडे किस देश को नाचने का मौका देगा, ये तो उस दिन के खेल को देखने के बाद ही पता चलेगा लेकिन इसमें कोई शक नहीं कि दोनों ही देश इस मैच को लेकर बहुत ज्यादा उत्सुक हैं। सोशल मीडिया पर इंडो-पाक मुकाबले को लेकर काफी बातें हो रही हैं, कुछ पुराने पन्ने भी खंगाले जा रहे हैं, इन्हीं पुराने पन्नों में से एक किस्सा निकलकर सामने आया है जिसने सबको हैरान कर दिया है। दरअसल यहां बात हो रही है टीम इंडिया के स्टार खिलाड़ी रहे मिस्टर राहुल द्रविड़ की, जिन्हें पूरी दुनिया 'The Wall' के नाम से संबोधित करती है।

आखिर द्रविड़ को गुस्सा क्यों आया ?
द्रविड़ की इमेज क्लासिक क्रिकेटर की रही है, वो मैदान पर भले ही बॉलरों की पिटाई करते हों लेकिन असल जिंदगी में वो बेहद ही शांत, धैर्यशाली और 'डाउन टू अर्थ' वाले इंसान हैं और उनके इसी व्यवहार के कारण पूरी दुनिया उन्हें सलाम भी करती है लेकिन एक बार मैदान पर कुछ ऐसा हुआ था, जिसने द्रविड़ को गुस्से में ला दिया था और आप यकीन नहीं मानेंगे कि उस वक्त हर मीडिया चैनल पर ये बहस होने लगी थी कि आखिर द्रविड़ को गुस्सा क्यों आया ?

शोएब अख्तर ने किया था तंग
दरअसल ये बात है साल 2004 वनडे मैच की , जब मैदान पर इंडिया-पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने थीं, क्रीज पर द्रविड़ थे और उन्हें बॉलिंग 'रावलपिंडी एक्सप्रेस' यानी कि शोएब अख्तर कर रहे थे। द्रविड़ उस मैच में अख्तर की काफी पिटाई कर चुके थे, कमाल की बात ये थी कि द्रविड़ ने शोएब की हर तेज गेंद पर सिंगल लेकर उनके जोश को ठंडा कर दिया था और इस बात से अख्तर हैरान भी थे और परेशान भी और इसलिए उन्होंने थोड़ा द्रविड़ को तंग करने की सोची और इसलिए जब रन लेने के लिए द्रविड़ दौड़ रहे थे तो अख्तर जानबूझकर बीच में आने लगे थे।
'मेरे रास्ते में मत आओ, अपनी तरफ दौड़ो ना'
एक बार हुआ, दो बार हुआ, तीन बार ऐसा हुआ, तब तक द्रविड़ ने खुद पर संयम रखा था लेकिन जब उन्हें समझ में आ गया कि अख्तर जानबूझकर ऐसा कर रहा है तो उन्होंने अपना धैर्य खो दिया और उन्होंने गुस्से में शोएब से कहा कि 'मेरे रास्ते में मत आओ, अपनी तरफ दौड़ो ना'।

'हम लोग मैच जीत रहे हैं ना इसलिए तू भड़क रहा'
द्रविड़ के इस रिएक्शन से अख्तर समेत मैदान पर मौजूद हर खिलाड़ी हैरान रह गया था। पाक टीम के सदस्यों ने भी अख्तर की ही क्लास लगा दी। तब अख्तर ने द्रविड़ से कहा कि 'हम लोग मैच जीत रहे हैं ना इसलिए तू भड़क रहा है' इस पर राहुल ने कहा था कि 'मैंने बस गलत के लिए बोला है, बाकी मैच अभी बाकी है' आपको बता दें कि इंडिया और पाकिस्तान के बीच साल 2004 में पांच मैचों की वनडे-सीरीज खेली गई थी, जिसे भारत ने 3-2 से जीता था।

खुद शोएब अख्तर ने ही किया था खुलासा
इस मैच के बारे में खुद शोएब अख्तर ने ही अपने You Tube चैनल पर खुलासा किया था। और उन्होंने स्वयं स्वीकारा था कि 'वो द्रविड़ को तंग कर रहे थे और वो उनके रिएक्शन से भी हैरान थे। हालांकि मैदान पर चाहे जो भी हो, मैदान के बाहर राहुल द्रविड़ और शोएब अख्तर एक-दूसरे का काफी सम्मान करते हैं और दोनों की ही गिनती अपने-अपने देश के नामचीन क्रिकेटरों में होती है।'

एशिया कप 2022
मालूम हो कि एशिया कप में अभी तक इंडिया का पलड़ा पाकिस्तान पर भारी रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक 14 मुकाबले हुए हैं जिसमें से भारत ने 8 जबकि पाकिस्तान ने 5 में जीत हासिल की है। जबकि भारत 7 बार एशिया कप का खिताब अपने नाम कर चुका है तो वहीं पाकिस्तान ने दो बार ये कप जीता है। बता दें कि 28 अगस्त को होने वाला इंडो-पाक मुकाबला दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications