IND vs PAK: पॉवरप्ले के बादशाह कौन? अभिषेक-ईशान बनाम सैम-फरहान, कौन सी जोड़ी रही है हिट
IND vs PAK T20I squad comparison: टी20 विश्व कप 2026 का सबसे बड़ा मुकाबला रविवार, 15 फरवरी को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा। भारत और पाकिस्तान की टीमें जब आमने-सामने होंगी, तो सबकी निगाहें दोनों टीमों की सलामी जोड़ियों पर टिकी होंगी। आधुनिक टी20 क्रिकेट में पावरप्ले का फायदा उठाना मैच का रुख तय कर देता है।
अभिषेक शर्मा-ईशान किशन का रहा है जलवा (IND vs PAK T20I squad comparison)
ऐसे में भारत के अभिषेक शर्मा-ईशान किशन और पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान-सैम अय्यूब के बीच तुलना टीम की ताकत को समझने के लिए जरूरी है। भारतीय टीम के लिए राहत की बात यह है कि युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा बीमारी से उबरकर वापसी के लिए तैयार हैं। अभिषेक के आंकड़ों पर गौर करें तो उन्होंने अब तक बतौर ओपनर 36 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 37.44 की शानदार औसत से 1,273 रन बनाए हैं। इसमें दो शतक भी शामिल हैं।

दमदार फॉर्म में हैं ईशान किशन
दूसरी ओर ईशान किशन ने अब तक 29 मैचों में भारत के लिए पारी की शुरुआत की है। ईशान ने बतौर ओपनर 743 रन बनाए हैं, जिसमें उनका औसत 25.62 का रहा है। हालांकि ईशान के नाम अभी बतौर ओपनर कोई शतक नहीं है, लेकिन हाल के मैचों में उनकी लय भारत के लिए सकारात्मक संकेत है। यह जोड़ी बाएं हाथ के दो बल्लेबाजों का संयोजन देने का काम करती है, जो पावरप्ले में फील्डिंग प्रतिबंधों का लाभ उठाने में माहिर है।
साहिबजादा फरहान और सैम अय्यूब पर रहेगी नजरें
पाकिस्तान की ओर से साहिबजादा फरहान और सैम अय्यूब के पारी की शुरुआत करने की पूरी संभावना है। फरहान ने अब तक 38 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व किया है, जिसमें उन्होंने 27.48 की औसत से 1,017 रन बनाए हैं। फरहान की भूमिका टीम को एक सधी हुई शुरुआत देने की रहती है। उनके जोड़ीदार सैम अय्यूब के पास अनुभव की कमी नहीं है। उन्होंने 53 मैचों में ओपनिंग करते हुए 1,146 रन जोड़े हैं। हालांकि, उनका औसत (23.38) भारतीय ओपनर्स की तुलना में थोड़ा कम है, लेकिन अपनी 'अनऑर्थोडॉक्स' बल्लेबाजी के लिए मशहूर अय्यूब किसी भी समय मैच का पासा पलटने का दम रखते हैं।
कौन किस पर भारी?
आंकड़ों के आईने में देखा जाए तो भारतीय ओपनिंग जोड़ी, विशेषकर अभिषेक शर्मा औसत और बड़े स्कोर बनाने के मामले में पाकिस्तान पर भारी पड़ती नजर आती है। अभिषेक और ईशान की संयुक्त औसत जहां पाकिस्तान के ओपनर्स से बेहतर है, वहीं उनके पास बड़े मैच में दबाव झेलने की भी क्षमता है। हालांकि, कोलंबो की धीमी पिच पर केवल आंकड़े पर्याप्त नहीं होंगे; जो भी जोड़ी शुरुआती 6 ओवरों में विकेट बचाकर स्ट्राइक रेट को बनाए रखेगी, वह अपनी टीम को मनोवैज्ञानिक बढ़त दिलाने में सफल होगी।












Click it and Unblock the Notifications