IND vs PAK: महाशिवरात्रि पर पाकिस्तान होगा पस्त! भारत दोहराएगा 23 साल पुराना इतिहास?
IND vs PAK T20 world cup 2026: क्रिकेट के मैदान पर जब भी भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने होती हैं तो वह केवल एक खेल नहीं रह जाता। आज यानी 15 फरवरी, 2026 का दिन विशेष है। आज न केवल टी20 वर्ल्ड कप का हाई-वोल्टेज मुकाबला है, बल्कि देश भर में महाशिवरात्रि का महापर्व भी मनाया जा रहा है। खेल और आस्था का यह अद्भुत संयोग क्रिकेट फैंस को 23 साल पुरानी उस ऐतिहासिक जीत की याद दिला रहा है, जिसने भारतीय क्रिकेट की दिशा बदल दी थी।
23 साल पहले हुआ था मुकाबला (IND vs PAK T20 world cup 2026)
आज से ठीक 23 साल पहले यानी 1 मार्च 2003 को भी महाशिवरात्रि का ही दिन था। दक्षिण अफ्रीका के सेंचुरियन में वर्ल्ड कप के दौरान भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला हुआ था। पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सईद अनवर के शतक की बदौलत 273 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा था। उस दौर में वसीम अकरम, वकार यूनुस और शोएब अख्तर जैसे घातक गेंदबाजों के सामने यह लक्ष्य पहाड़ जैसा था।

मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने किया था कमाल
लेकिन उस दिन मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने जो 'महातांडव' किया, वह इतिहास में दर्ज हो गया। उन्होंने मात्र 75 गेंदों में 12 चौकों और एक छक्के की मदद से 98 रनों की दमदार पारी खेली। शोएब अख्तर की गेंद पर उनका वह 'अपर कट' आज भी फैंस के जेहन में ताजा है। भारत ने वह मैच 6 विकेट से जीता था और वहीं से विश्व कप में पाकिस्तान पर भारत की मानसिक बढ़त का एक नया अध्याय शुरू हुआ था।
टीम इंडिया फिर दोहराएगी इतिहास?
अगर मौजूदा आंकड़ों पर गौर करें तो भारत (विश्व नंबर-1) इस समय शानदार फॉर्म में है। सूर्यकुमार यादव और वरुण चक्रवर्ती जैसे खिलाड़ी टीम की रीढ़ बने हुए हैं। आज की जीत न केवल 2003 की यादों को ताजा करेगी, बल्कि भारत का सुपर-8 में स्थान भी सुरक्षित कर देगी। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि महाशिवरात्रि के इस विशेष संयोग पर टीम इंडिया का आत्मविश्वास सातवें आसमान पर होगा। अब देखना यह है कि क्या कोलंबो का आर प्रेमदासा स्टेडियम 2003 के सेंचुरियन जैसा परिणाम दोहरा पाता है।












Click it and Unblock the Notifications