IND vs PAK: सुनील गावस्कर ने पाकिस्तान को दिखाया आईना, वर्ल्ड कप ड्रामे पर लगा दी क्लास, उड़ाया मजाक
IND vs PAK T20 World Cup 2026: आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2026 (T20 World Cup 2026) में भारत और पाकिस्तान के बीच मैच नहीं खेला जाएगा। दोनों टीमों के बीच होने वाले हाई-वोल्टेज मुकाबले को लेकर फैंस काफी उत्साहित थे। लेकिन पाकिस्तान सरकार ने आधिकारिक तौर पर घोषणा की है कि उनकी टीम टूर्नामेंट में तो हिस्सा लेगी, लेकिन 15 फरवरी को भारत के खिलाफ होने वाले मैच का बहिष्कार करेगी।
पाकिस्तान की ये है पुरानी आदत (IND vs PAK T20 World Cup 2026)
इस घटना पर भारतीय क्रिकेट के दिग्गज सुनील गावस्कर ने अपनी बेबाक राय रखते हुए इसे पाकिस्तान की पुरानी आदत करार दिया है। एक लाइव ब्रॉडकास्ट के दौरान चर्चा करते हुए गावस्कर ने पाकिस्तान के इस फैसले को गंभीरता से लेने के बजाय उनके पुराने ट्रैक रिकॉर्ड की याद दिलाई। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि इसमें क्या नई बात है? हम सब जानते हैं कि पाकिस्तान के क्रिकेटर पहले संन्यास लेते हैं और फिर चार दिन बाद अपना फैसला वापस ले लेते हैं।

पाकिस्तान बदल सकता है अपना फैसला
गावस्कर ने तर्क दिया कि जिस तरह खिलाड़ी वापसी करते हैं, उसी तरह पाकिस्तान सरकार और बोर्ड भी जनभावनाओं और फैंस के दबाव में अपना फैसला बदल सकते हैं। उन्होंने कहा कि 15 फरवरी के मैच से पहले अभी समय है और इतिहास को देखते हुए यू-टर्न लेना उनके लिए कोई बड़ी बात नहीं होगी। दिग्गज बल्लेबाज के अनुसार, क्रिकेट की दुनिया में पाकिस्तान के फैसलों में अस्थिरता कोई नई बात नहीं है।
पाकिस्तानी सरकार ने उठाया था बड़ा कदम
विवाद की जड़ रविवार को पाकिस्तान सरकार द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी किया गया एक बयान है। इस बयान में कहा गया कि पाकिस्तान सरकार ने अपनी टीम को आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भाग लेने की अनुमति तो दे दी है, लेकिन वे 15 फरवरी को भारत के खिलाफ मैदान पर नहीं उतरेंगे। सरकार का यह रुख खेल और राजनीति के बीच जारी तनाव को एक नए स्तर पर ले गया है।












Click it and Unblock the Notifications