‘बतौर विकेटकीपर Rishabh Pant पहली पसंद नहीं’, हेड कोच राहुल द्रविड़ ने दिया बड़ा बयान
हालांकि, इस महामुकाबले से भारतीय हेड कोच राहुल द्रविड़ (Rahul Dravid) ने ऋषभ पंत (Rishabh Pant) को लेकर ऐसा बयान दिया है, जिसके बाद क्रिकेट के गलियारों में खलबली सी मच गई है।
नई दिल्ली, 4 सितंबर: एशिया कप में लगातार दो मैच जीतकर भारत ने अपने ग्रुप पर टॉप पर रहते हुए सुपर-4 के लिए क्वालीफाई किया। इस राउंड में टीम इंडिया अपना पहला मैच फिर से एक बार चिर प्रतिद्वंदी पाकिस्तान के खिलाफ दुबई में खेलेगी। हालांकि, इस महामुकाबले से भारतीय हेड कोच राहुल द्रविड़ (Rahul Dravid) ने ऋषभ पंत (Rishabh Pant) को लेकर ऐसा बयान दिया है, जिसके बाद क्रिकेट के गलियारों में खलबली सी मच गई है।

ऐसा क्या बोल गए द्रविड़
शनिवार को मैच से पहले हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल द्रविड़ ने ऋषभ पंत को लेकर कहा कि वह बतौर विकेटकीपर टीम की पहली पसंद नहीं है। एशिया कप के पहले ही मैच में पाकिस्तान के खिलाफ पंत को प्लेइंग-XI का हिस्सा नहीं बनाया गया था। उनके स्थान पर सीनियर खिलाड़ी दिनेश कार्तिक को तवज्जो दी गई। हॉन्ग कॉन्ग के खिलाफ भी कार्तिक प्लेइंग-XI में शामिल थे, हालांकि हार्दिक पांड्या को मिले रेस्ट के कारण ऋषभ को मुकाबले में खेलने का मौका मिला।

पंत नहीं है पहली पसंद
प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारतीय हेड कोच ने कहा, ''टीम में कोई पहली पसंद का विकेटकीपर नहीं है। हम परिस्थितियों, मैदान के हालात और विपक्षी टीम के अनुसार खेलते हैं और उसी के अनुसार सर्वश्रेष्ठ एकादश का चयन करते है। हर एक स्थिति के लिए पहली पसंद का अंतिम एकादश नहीं हो सकता। यह हर मैच के हिसाब से अलग-अलग होगा। उस दिन पाकिस्तान के खिलाफ हमें लगा कि दिनेश कार्तिक (Dinesh Karthik) हमारे लिए सही विकल्प थे।''

कार्तिक की वापसी बनी मुश्किल
आईपीएल के 15वें सीजन के बाद हुई दिनेश कार्तिक की वापसी ऋषभ पंत के लिए मुश्किल का सबब बनी। कार्तिक ने T20I में कमबैक के बाद लगातार शानदार प्रदर्शन किया। वहीं, पंत फटाफट क्रिकेट में निरंतर बढ़िया प्रदर्शन नहीं कर सके। ऋषभ ने इस साल खेले 14 T20I मैचों में 26 की औसत और 135.42 के स्ट्राइक रेट से कुल 260 रन बनाए। वहीं, कार्तिक वापसी के बाद खेले 17 T20I मैचों में 21.44 की औसत और 133 के स्ट्राइक रेट के साथ 193 रन बना चुके हैं। दिनेश ने बतौर फिनिशर कम गेंदों में कई बार आतिशी पारियां खेलकर टीम की नैया पार लगाई।

पंत के सामने बड़ी चुनौती
वनडे और टेस्ट टीम में भले ही ऋषभ पंत टीम के अहम सदस्यों में से एक हो, लेकिन फटाफट क्रिकेट में वह अभी तक अपनी छाप नहीं छोड़ पाए हैं। द्रविड़ के इस बयान के बाद तो पंत के टी20 वर्ल्ड कप में खेलने पर भी सवाल खड़े हो जाते हैं। क्योंकि अन्य विकेटकीपर खिलाड़ियों में ईशान किशन और संजू सैमसन ने इस साल कमाल का प्रदर्शन किया है। दोनों खिलाड़ी एशिया कप से पहले तक टीम का हिस्सा भी थे।

क्या कहते हैं आंकड़े?
ऋषभ पंत ने अभी तक खेले 55 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 126.32 के स्ट्राइक रेट और 24 की औसत से कुल 883 रन बनाए हैं। वहीं, ईशान इस साल खेले 14 T20I मैचों में 30.71 की शानदार औसत और 130.30 के स्ट्राइक रेट के साथ 430 रन बना चुके हैं। संजू ने भी मिले मौकों का बढ़िया फायदा उठाया और इस साल 6 T20I मैचों में लगभग 45 की बेहतरीन औसत और 158.41 के ताबड़तोड़ स्ट्राइक रेट के कुल 1769 रन बनाए। आंकड़ों में वाकई में पंत काफी कमजोर नजर आते हैं।












Click it and Unblock the Notifications