IND vs PAK: टॉप ऑर्डर ने जड़े रन तो भारत का मिडिल ऑर्डर हुआ फेल, पांड्या तो खाता भी नहीं खोल पाए
दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला खेला जा रहा है। एशिया कप 2022 में यह दूसरी बार है जब दोनों टीमें आमने-सामने हैं।
नई दिल्ली, 4 सितंबर: दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला खेला जा रहा है। एशिया कप 2022 में यह दूसरी बार है जब दोनों टीमें आमने-सामने हैं। पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 181 रन बनाए। फॉर्म से जूझ रहा भारत का टॉप आर्डर इस मैच में शानदार लय में नजर आया, वहीं शानदार फॉर्म में चल रहा मिडिल ऑर्डर पूरी तरह ढेर हो गया। पहले मैच में पाकिस्तान के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करने वाले हार्दिक पांड्या इस मैच में खाता तक नहीं खोल सके।

टॉप ऑर्डर ने बनाए 116 रन
टूर्नामेंट के अपने पहले मैच में भारत के कप्तान रोहित शर्मा ने पाकिस्तान के खिलाफ 18 गेंदों पर 12 रन बनाए थे। वहीं हांगकांग के खिलाफ उन्होंने 13 गेदों पर 21 रन की पारी खेली थी। आज रोहित शर्मा शुरुआत से ही शानदार लय में नजर आए। उन्होंने 16 गेंदों पर 28 रन की तूफानी पारी खेली। केएल राहुल ने पाकिस्तान के खिलाफ 0 तो हांगकांग के खिलाफ 39 गेंदों पर 36 रन की धीमी पारी खेली थी। आज केएल ने 20 गेंदों पर 28 रन बनाए। वहीं विराट कोहली ने पाकिस्तान के खिलाफ 34 गेंदों पर 35 तो हांगकांग के खिलाफ 44 गेंदों पर 59 रन बनाए थे। आज कोहली ने 44 गेंदों पर 60 रन जड़े। यानी पाकिस्तान के खिलाफ पहले मैच में भारतीय टॉप ऑर्डर ने 47 रन बनाए थे तो वहीं आज टॉप ऑर्डर ने 116 रन बनाए हैं।

पांड्या नहीं खोल सके खाता
वहीं पाकिस्तान के खिलाफ भारत के मिडिल ऑर्डर ने मोर्चा संभाला था और भारत को जीत दिलाई थी। भारत की ओर से रवींद्र जडेजा ने 29 गेंदों पर 35, सूर्यकुमार यादव ने 18 गेंदों पर 18 और हार्दिक पांड्या ने 17 गेंदों पर 33 रन की तूफानी पारी खेली थी। वहीं आज मिडिल ऑर्डर कुछ खास नहीं कर सका। सूर्यकुमार ने 10 गेंदों पर 13 रन, ऋषभ पंत ने 12 गेंदों पर 14, दीपक हुड्डा ने 14 गेंदों पर 16 रन बनाए। वहीं पिछले मैच के हीरो हार्दिक पांड्या खाता भी नहीं खोल सके।

दोनों टीमों की प्लेइंग 11
- भारत: केएल राहुल, रोहित शर्मा (कप्तान), विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), दीपक हुड्डा, हार्दिक पांड्या, भुवनेश्वर कुमार, रवि बिश्नोई, युजवेंद्र चहल, अर्शदीप सिंह।
- पाकिस्तान: मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर), बाबर आजम (कप्तान), फखर जमां, खुशदिल शाह, इफ्तिखार अहमद, शादाब खान, आसिफ अली, मोहम्मद नवाज, हारिस रऊफ, नसीम शाह, मोहम्मद हसनैन।












Click it and Unblock the Notifications