IND vs NZ: अर्शदीप सिंह का पारा हुआ हाई! सरेआम गाली देने वाले फैन को सिखाया सबक, वीडियो वायरल
IND vs NZ, Arshdeep Singh video: न्यूजीलैंड के खिलाफ भारतीय टीम को अपने घर पर पहली बार वनडे सीरीज में हार का सामना करना पड़ा है। इंदौर के होल्कर स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए तीसरे और निर्णायक वनडे मैच में भारतीय टीम को बड़ी हार का सामना करना पड़ा। मैच के दौरान टीम इंडिया के स्टार तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जंगल की आग की तरह फैल रहा है।
फैन ने अर्शदीप पर किया अभद्र टिप्पणी (IND vs NZ, Arshdeep Singh video)
इस वीडियो में अर्शदीप सिंह एक फैन को खरी-खोटी सुनाते और अपशब्द कहते नजर आ रहे हैं। यह घटना उस समय की है जब भारतीय टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज बचाने की जद्दोजहद कर रही थी। अर्शदीप सिंह बाउंड्री लाइन पर फील्डिंग कर रहे थे। वायरल वीडियो के मुताबिक स्टैंड्स में बैठा एक फैन लगातार अर्शदीप पर अभद्र टिप्पणियां कर रहा था।

अर्शदीप सिंह का पारा हुआ हाई
सोशल मीडिया यूजर्स के अनुसार अर्शदीप काफी देर तक उस फैन की बातों को अनसुना करते रहे। लेकिन जब उस व्यक्ति ने मर्यादा लांघी तो अर्शदीप का धैर्य जवाब दे गया। वीडियो में देखा जा सकता है कि अर्शदीप सिंह ड्रिंक्स ब्रेक के दौरान सपोर्ट स्टाफ के किसी सदस्य से गंभीर चर्चा कर रहे थे। तभी उनका ध्यान उस फैन की ओर गया जो बार-बार उन पर चिल्ला रहा था। अर्शदीप ने पलटकर उस फैन की ओर देखा और गुस्से में चिल्लाते हुए गाली देकर उसे चुप रहने को कहा।
वीडियो पर ऐसा रहा है फैंस का रिएक्शन
हालांकि वीडियो में फैन की आवाज साफ नहीं सुनाई दे रही है। लेकिन अर्शदीप के हाव-भाव और उनके द्वारा कहे गए शब्द साफ तौर पर उनके गुस्से को बयां कर रहे हैं। इस घटना के बाद इंटरनेट दो गुटों में बंट गया है। कई फैंस अर्शदीप के समर्थन में उतर आए हैं। उनका कहना है कि खिलाड़ियों पर निजी टिप्पणी करना गलत है और वे भी इंसान हैं, उन्हें गुस्सा आना स्वाभाविक है।
एक यूजर ने लिखा कि फैन ने अपनी सीमा लांघी थी, अर्शदीप ने बस उसे चुप कराया। वहीं, कुछ लोग यह भी कह रहे हैं कि एक अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी होने के नाते अर्शदीप को अपने व्यवहार पर संयम रखना चाहिए था और गाली देने के बजाय सुरक्षाकर्मियों से शिकायत करनी चाहिए थी।












Click it and Unblock the Notifications