IND vs NZ: शुभमन गिल ने किया बड़ा खुलासा, बताया शतक से पहले हार्दिक पांड्या ने क्या कहा
न्यूजीलैंड के खिलाफ अंतिम टी20 मैच में गिल का बल्ला जमकर चला और उन्होंने शतक जमाया, टीम इंडिया ने सीरीज अपने नाम कर ली।

IND vs NZ 3rd T20: भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को अहमदाबाद में खेले गए तीसरे टी20 मुकाबले में 168 रनों के बड़े अंतर से हरा दिया। टीम इंडिया की जीत में शुभमन गिल के शतक का अहम योगदान रहा। गिल की तूफानी पारी के कारण ही भारतीय टीम बड़ा स्कोर खड़ा करने में सफल रही। मुकाबले के बाद गिल को शतकीय पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने अपनी इस पारी की तैयारी और योजना को लेकर कुछ अहम बातों का जिक्र किया।

शुभमन गिल ने बताया क्या थी योजना
प्लेयर ऑफ़ द मैच चुने जाने के बाद गिल ने कहा कि जब आप अभ्यास करते हैं और इसका फल मिलता है तो अच्छा लगता है। मैं बड़ा स्कोर बनाने के लिए खुद को बैक कर रहा था। श्रीलंका के खिलाफ सीरीज के दौरान ऐसा नहीं हो पाया लेकिन आज योजना काम कर गई और मैं इसे लेकर काफी खुश हूं। छक्के जड़ने के लिए हर किसी के पास अलग तकनीक होती है। हार्दिक भाई ने मुझे कहा कि अपना गेम खेलो और अतिरिक्त कुछ भी प्रयास मत करो। उन्होंने मेरा पूरा समर्थन किया। जब आप अपने देश का प्रतिनिधित्व करते हैं तब कोई थकान नहीं होती। भारत के लिए खेलना मेरा एक सपना था और भारतीय टीम का हिस्सा बन कर मैं खुद को सौभाग्यशाली महसूस करता हूं

टी20 में भारत की तरफ से सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर
गौरतलब है कि शुभमन गिल ने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों की जमकर धुनाई करते हुए नाबाद 126 रनों की पारी खेली और उन्होंने इस पारी के लिए 63 गेंदों का सामना किया। T20 अंतरराष्ट्रीय में सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर के मामले में शुभमन गिल टॉप भारतीय स्कोरर बन गए हैं। उन्होंने अपनी इस पारी के दौरान 12 चौके और सात शानदार छक्के जमाए। गिल ने 35 गेंदों में फिफ्टी पूरी की लेकिन अगली 19 गेंदों में वह शतक जड़ने में सफल रहे।

टी20 अंतरराष्ट्रीय में दूसरी सबसे बड़ी जीत
T20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के इतिहास में यह दूसरी सबसे बड़ी जीत रही है। टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को 168 रनों के बड़े अंतर से पराजित कर दिया। सबसे बड़ी जीत दर्ज करने के मामले में श्रीलंका नंबर 1 पर है। 172 रनों से सबसे बड़ी जीत का रिकॉर्ड श्रीलंका के नाम है। दूसरे नंबर पर इससे पहले पाकिस्तान का नाम था. पाकिस्तान ने 155 रनों से सबसे बड़ी जीत दर्ज की थी लेकिन अब टीम इंडिया ने पाकिस्तान को पीछे छोड़ते हुए खुद को नंबर दो पर काबिज कर लिया। भारतीय टीम ने तीन मैचों की सीरीज में कीवी टीम को 2-1 के अंतर से हरा दिया। हार्दिक पांड्या को प्लेयर ऑफ़ द सीरीज चुना गया।












Click it and Unblock the Notifications