IND vs ENG: 'जो खुद USA से डरकर मैच हार गए, वो हमें क्या बोलेंगे?' मैच से पहले मोहम्मद आमिर को मिला करारा जवाब
IND vs ENG T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल मुकाबलों के बीच भारत और पाकिस्तान के पूर्व खिलाड़ियों के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने पाकिस्तानी तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर की हालिया टिप्पणियों पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। कैफ ने आमिर पर आरोप लगाया कि वे केवल 'अटेंशन' पाने और खबरों में बने रहने के लिए भारतीय टीम के खिलाफ आधारहीन भविष्यवाणियां कर रहे हैं।
गलत साबित हुआ मोहम्मद आमिर का दावा (IND vs ENG T20 World Cup 2026)
दरअसल, मोहम्मद आमिर ने टूर्नामेंट के दौरान दावा किया था कि भारतीय टीम वेस्टइंडीज से हारकर सेमीफाइनल की रेस से बाहर हो जाएगी। जब भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में जगह बना ली तो आमिर ने अपना रुख बदलते हुए कहा कि इंग्लैंड की टीम भारत का रास्ता रोकेगी और सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली टीम फाइनल तक नहीं पहुंच पाएगी। इसके अलावा आमिर ने भारतीय सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा को 'स्लॉगर' (अंधाधुंध बल्ला घुमाने वाला) कहकर भी विवाद पैदा किया था।

कैफ ने दिखाया आमिर को आईना
अपने यूट्यूब चैनल पर प्रतिक्रिया देते हुए मोहम्मद कैफ ने कहा कि आमिर अच्छी तरह जानते थे कि भारत सेमीफाइनल में पहुंचेगा, लेकिन उन्होंने जानबूझकर ऐसी बातें कहीं ताकि वे चर्चा का विषय बन सकें। कैफ ने आमिर को आईना दिखाते हुए टी20 वर्ल्ड कप 2024 में पाकिस्तान की अमेरिका के खिलाफ हुई शर्मनाक हार की याद दिलाई।
कैफ ने लिए आमिर के मजे
कैफ ने कहा कि अमेरिका के खिलाफ मिली उस हार के जिम्मेदार यही गेंदबाज (आमिर) थे। सुपर ओवर में उनकी गेंदें स्टंप्स पर भी नहीं गिर रही थीं और उन्होंने कई वाइड गेंदें फेंकी थीं। कैफ ने आगे तंज कसते हुए कहा कि जिस देश का क्रिकेट वर्तमान में इतने बुरे दौर से गुजर रहा है, वहां के खिलाड़ी को दूसरों पर टिप्पणी करने से पहले अपनी साख देखनी चाहिए।
फैंस से संयम बरतने की अपील
कैफ ने भारतीय फैंस से भी अपील की है कि वे आमिर जैसे खिलाड़ियों के उकसावे वाले बयानों पर प्रतिक्रिया देकर अपना स्तर न गिराएं। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम इस समय विश्व क्रिकेट में एक मजबूत स्थिति में है और उसे किसी के 'अटेंशन सीकिंग' बयानों से फर्क नहीं पड़ना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications