IND vs ENG: हैरी ब्रुक की एक गलती और संजू सैमसन का तूफान, जीवनदान मिलते ही 26 गेंदों में ठोक डाली फिफ्टी
IND VS ENG T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रुक की एक बड़ी गलती उनकी टीम के लिए भारी पड़ती दिख रही है। वानखेड़े स्टेडियम में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने विस्फोटक सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन को शुरुआती ओवरों में ही जीवनदान दे दिया। इस मौके का फायदा उठाते हुए सैमसन ने महज 26 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर इंग्लैंड के खेमे में खलबली मचा दी है।
15 रन पर छूटा था संजू का कैच (IND VS ENG T20 World Cup 2026)
पारी के तीसरे ओवर की दूसरी गेंद पर यह नाटकीय मोड़ आया। जोफ्रा आर्चर की तेज रफ्तार गेंद पर संजू सैमसन ने एक ऊंचा शॉट खेला। मिड-ऑफ पर तैनात इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रुक के पास एक सीधा और आसान कैच था, लेकिन उन्होंने इसे टपका दिया। उस समय सैमसन मात्र 15 रन (7 गेंद) पर बल्लेबाजी कर रहे थे। जीवनदान मिलते ही सैमसन ने अपनी आक्रामकता और बढ़ा दी।

जबरदस्त फॉर्म से गुजर रहे हैं सैमसन
उन्होंने उसी ओवर की चौथी गेंद पर आर्चर को छक्का और आखिरी गेंद पर शानदार चौका जड़कर इरादे साफ कर दिए। ब्रुक की यह गलती न केवल मानसिक रूप से इंग्लैंड पर भारी पड़ी, बल्कि स्कोरबोर्ड पर भी इसका असर तुरंत दिखने लगा। संजू सैमसन इस समय अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में हैं। इससे पहले 1 मार्च को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ 97 रनों की नाबाद पारी खेलकर भारत को सेमीफाइनल का टिकट दिलाया था।
वानखेड़े में भी उन्होंने अपनी उसी लय को बरकरार रखा है। जहां एक तरफ दूसरे ओपनर अभिषेक शर्मा मात्र 9 रन बनाकर विल जैक्स का शिकार बने, वहीं सैमसन ने एक छोर संभालते हुए पावरप्ले का भरपूर फायदा उठाया। भारतीय टीम के लिए संजू सैमसन नॉकआउट जैसे बड़े मैचों में टीम के संकटमोचक बनकर उभरे हैं।
विकेटकीपर-बल्लेबाज के तौर पर खेल रहे सैमसन ने अपनी पारी में न केवल बड़े शॉट्स लगाए, बल्कि स्ट्राइक रोटेट कर दबाव को भी कम किया। उनकी 26 गेंदों वाली इस फिफ्टी ने भारत को एक ऐसे स्कोर की ओर अग्रसर कर दिया है, जहां से इंग्लैंड के लिए वापसी करना चुनौतीपूर्ण होगा।












Click it and Unblock the Notifications