IND vs ENG: रोहित शर्मा अभी नहीं हुए बाहर, कोच राहुल द्रविड़ ने दिया खेलने पर अपडेट
नई दिल्ली, 29 जून: भारतीय क्रिकेट टीम को 1 जुलाई से इंग्लैंड के खिलाफ एजबेस्टन टेस्ट मैच खेलना है जो पिछले साल हुई पांच मैचों की सीरीज का अंतिम मुकाबला है। पिछले साल पांचवें टेस्ट मैच को भारतीय खेमे में कोविड-19 प्रसार के चलते स्थगित कर दिया गया था और यह 1 जुलाई से फिर से रीशेड्यूल किया गया लेकिन टीम इंडिया के खेमे में एक बार फिर से कोविड-19 ने अपनी पैठ बढ़ाई और कप्तान रोहित शर्मा को भी अपनी चपेट में ले लिया।

रोहित शर्मा कोविड पॉजिटिव पाए गए थे जिसके बाद मीडिया रिपोर्ट में यह बात लगभग पक्की हो गई थी कि अगले टेस्ट मैच में रोहित नहीं खेलने जा रहे हैं और उनके फिट ना होने की स्थिति में जसप्रीत बुमराह कप्तानी करेंगे। लेकिन भारत के हेड राहुल द्रविड़ ने इस मामले पर नई रोशनी डाली है।
द्रविड़ ने अपनी ताजा प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहां है कि रोहित शर्मा अभी भी पूरी तरह से बाहर नहीं हुए हैं। राहुल द्रविड़ का कहना है कि इंग्लैंड के खिलाफ एजबेस्टन टेस्ट मैच के लिए रोहित शर्मा अभी बाहर नहीं हुए हैं। उनकी फिटनेस की निगरानी की जा रही है। वह बाहर नहीं हुए हैं, लेकिन निश्चित तौर पर उनको टीम में वापस आने से पहले कोविड टेस्ट नेगेटिव देना जरूरी है।
राहुल द्रविड़ ने यह भी कहा कि रोहित शर्मा का आज रात और कल कोविड टेस्ट कराया जाएगा जिसके बाद ही तस्वीर साफ-साफ हो पाएगी कि भारतीय कप्तान खेलने के लिए तैयार हैं या फिर नहीं।
इसी बीच राहुल द्रविड़ ने कप्तानी के विकल्प के तौर पर जसप्रीत बुमराह का नाम लेने से भी प्रत्यक्ष तौर पर इंकार किया है और कहा है कि मेरे लिए यह कहना ठीक नहीं होगा कि जसप्रीत बुमराह को रोहित शर्मा के विकल्प के तौर पर कप्तानी में उतारा जाएगा। आपको बीसीसीआई और चयनकर्ताओं के द्वारा सूचना देने के लिए इंतजार करना होगा।












Click it and Unblock the Notifications