तीसरे T20 में ये टीम लेकर क्यों उतरा भारत, क्या ढूंढ रहे हैं रोहित? कप्तान ने खुद किया खुलासा
ट्रेंट ब्रिज, 10 जुलाई: भारतीय टीम ने नॉटिंघम में एक शानदार मुकाबला लड़ा बल्कि यह कहना ठीक होगा कि सूर्यकुमार यादव ने पूरी टीम इंडिया बनकर एक गजब की लड़ाई लड़ी। यह एक ऐसा मुकाबला था जहां किसी की जीत और किसी की हार होनी ही थी, लेकिन अंत में विजय खेल की हुई। इंग्लैंड की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट के नुकसान पर 215 रन बनाए तो भारतीय टीम बैकफुट पर थी हालांकि उनके पास बेहतर बल्लेबाज थे, लेकिन विराट कोहली और रोहित शर्मा अपनी पुरानी लय में नहीं दिख रहे हैं।

भारत ने खूबसूरती से फाइटबैक किया था
इसके कारण भारत के लिए रनों की बौछार देने वाले मैदान पर यह स्कोर काफी भारी भरकम साबित हो गया। ऐसे में सूर्यकुमार सामने आए और उन्होंने 55 गेंदों पर 117 रनों की पारी खेली जिसमें 14 चौके और 6 छक्के लगाए गए। यह बात अलग है कि यादव को किसी और बल्लेबाज का साथ नहीं मिला जिसके चलते टीम इंडिया 20 ओवर में 198 रन ही बना पाई और 17 रनों से एक ऐसा मुकाबला हार गई जिसमें उन्होंने खूबसूरती से फाइटबैक किया था।

इस टीम को लेकर क्यों उतरे थे
कुल मिलाकर भारत के लिए इंग्लिश टी20 सीरीज फलदाई साबित हुए क्योंकि वह शुरू के दो मैच काफी आसानी से जीते थे और तीसरे मैच में उन्होंने बहुत प्रयोग किए थे। भारत इस बार भी चार बदलाव लेकर उतरा था। इसमें तीन बदलाव तो गेंदबाजी में ही हुए थे जहां आवेश खान, उमरान मलिक और रवि बिश्नोई जैसे बॉलर थे। रोहित शर्मा ने मैच के बाद इस बात का खुलासा किया कि दरअसल वे इस टीम को लेकर क्यों उतरे थे।

वर्ल्ड कप से पहले ऐसे गेंदबाजों को ढूंढ रहे हैं..
रोहित ने बताया कि वह वर्ल्ड कप से पहले ऐसे गेंदबाजों को ढूंढ रहे हैं जो एक T20 मैच में आराम से 4 ओवर फेंक सकें। ऐसे में यह बात तो साफ है कि भारत उमरान मलिक पर पूरा भरोसा नहीं कर सकता क्योंकि इस गेंदबाज ने ना तो आईपीएल जैसी रफ्तार इंटरनेशनल क्रिकेट में दिखाई है और ना ही उनमें रन रोकने का फिलहाल कोई विश्वास नजर आता है। उमरान मलिक ने चार ओवर में 56 रन दिए और एक विकेट लिया। आवेश खान अच्छे थे लेकिन उन्होंने भी बाद के दो ओवर में काफी रन दिए जिसके चलते उन्होंने चार ओवर में 43 रन दिए और एक विकेट लिया।

हर्षल पटेल बड़ी उम्मीद लेकर आते हैं
रवि बिश्नोई बहुत शानदार थे, जिन्होंने 4 ओवर में 30 रन देकर दो विकेट लिए। जडेजा के ऊपर भी आप आंख बंद करके 4 ओवर फेंकने का यकीन नहीं कर सकते हैं क्योंकि यह खिलाड़ी T20 में अभी भी एक बहुत शानदार गेंदबाज नहीं है जैसे कि वह टेस्ट क्रिकेट में है। ऐसे में हर्षल पटेल बड़ी उम्मीद लेकर आते हैं जिन्होंने 4 ओवर में 35 रन देकर दो विकेट लिए और लगातार अपने प्रदर्शन से प्रभावित कर रहे हैं।

हम फाइट कर पाए और इस लड़ाई पर मुझे गर्व है
रोहित का मानना है कि, जब आप इस तरह के नजदीकी मुकाबले खेलते हैं तो वहां आप बहुत कुछ सीख जाते हैं। यह खेल हमारे लिए काफी कुछ सिखाने वाला भी साबित हुआ है।
इसके अलावा रोहित ने सूर्यकुमार यादव की चमत्कारिक बल्लेबाजी पर बात की और कहा कि, वे लंबे समय से सूर्यकुमार यादव को देख रहे हैं। हम फाइट कर पाए और इस लड़ाई पर मुझे गर्व है।
रोहित कहते हैं कि, सूर्यकुमार यादव इस फॉर्मेट को पसंद करते हैं जहां उनके पास भी विविधता भरे शॉट है। उन्होंने अपनी ताकत के ऊपर लगातार तरक्की की है और भारत की टीम में आने के बाद से लगातार निखर ही रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications