IND vs ENG: कुलदीप की फिरकी का जाल, बटलर के लिए बना काल, बैकफुट पर इंग्लैंड
India vs England, 29th Match: 230 रनों का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत बेहद खराब रही। इंग्लैंड ने 60 के स्कोर पर ही पांच खिलाड़ियों का विकेट गंवा दिया। डेविड मलान और जॉनी बेयरस्टो ने पहले विकेट के लिए 30 रनों की साझेदारी की। लेकिन जसप्रीत बुमराह ने एक ही ओवर में दो विकेट लेकर मैच का रुख भारत की तरफ मोड़ दिया। इसके बाद मोहम्मद शमी ने भी दो विकेट चटकाए। इंग्लैंड के बल्लेबाज तेज गेंदबाजों के खिलाफ बेबस नजर आए।
कुलदीप ने किया कमाल: पिछले कुछ समय से भारतीय टीम के लिए मिडिल ऑर्डर में आकर विकेट लेने का काम कुलदीप यादव बखूबी कर रहे हैं। कुलदीप यादव ने इंग्लैंड के खिलाफ भी इस सिलसिले को बरकरार रखा। इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर जो कि एक पार्टनरशिप बनाने की कोशिश कर रहे थे। कुलदीप यादव ने एक बेहतरीन गेंद कर उन्हें अपने जाल में फंसा लिया। कुलदीप ने ऑफ साइड में गेंद को फेंक कर बटलर को क्लीन बोल्ड कर दिया।जोस बटलर कुलदीप यादव की गेंद को पढ़ने में नाकाम रहे।

60 रनों पर आधी टीम लौटी पवेलियन: इंग्लैंड की आधी टीम 60 रनों पर ही पवेलियन लौट गई। इंग्लैंड के लिए अब इस मैच को जीतना बेहद मुश्किल दिखाई पड़ रहा है। मोईन अली और लियाम लिविंगस्टोन को यहां से टीम के लिए एक बड़ी साझेदारी निभानी होगी। दूसरी तरफ भारतीय गेंदबाजों की कोशिश इंग्लैंड को जल्द से जल्द ऑल आउट कर बड़े अंतर से मैच को अपने नाम करने की होगी।
इंग्लैंड की तरफ से बेन स्टोक्स का बल्ला भी खामोश रहा। 10 गेंद पर खाता खोला बिना ही बेन स्टोक्स मोहम्मद शमी की गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए। बेन स्टोक्स के बाद मोहम्मद शमी ने जॉनी बेयरस्टो को भी पवेलियन का रास्ता दिखाया। जॉनी बेयरस्टो 23 गेंद पर 14 रन बनाकर मोहम्मद शमी की गेंद पर बोल्ड हो गए। भारतीय टीम इस मुकाबले को जीत कर लगभग सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर लेगी।












Click it and Unblock the Notifications