IND vs ENG: जीत के बाद टीम इंडिया की मस्ती, शैंपेन में नहाए कैप्टन रोहित, कोहली का भी दिखा बोतल संग खास अंदाज
मैनचेस्टर, 18 जुलाई। टीम इंडिया ने जिस तरह से इंग्लैंड को उसी के घर में हराया है, वो अपने आप में काफी बड़ी बात हैं। भारतीय शेरों ने अंग्रेजों को पहले टी20 सीरीज में शिकस्त थी और उसके बाद उसने उसे वनडे सीरीज में धूल चटा दी और खिताब पर कब्जा कर लिया। इस जीत के बाद जश्न तो बनता ही था तो टीम इंडिया ने जमकर अपनी जीत सेलिब्रेट भी की। दरअसल एक वीडियो इस वक्त सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें टीम इंडिया के सभी प्लेयर सीरीज की ट्रॉफी मिलने के बाद शैंपेन से एक-दूसरे को नहलाते नजर आ रहे हैं।

जीत के बाद टीम इंडिया की मस्ती
आपको बता दें कि Sky Sports Cricket की ओर से शेयर किए गया वीडियो बहुत ज्यादा मजेदार है। इस वीडियो में आप बखूबी देख सकते हैं कि जब भीड़ से भरे स्टेडियम के पोडियम में टीम इंडिया के खिलाड़ी ट्रॉफी उठाते हैं, तभी अचानक से टीम इंडिया के हीरो ऋषभ पंत और हार्दिक पांडया शरारत के मूड में आ जाते हैं और खिलाड़ियों पर शैंपेन की बारिश शुरु कर देते हैं।

शैंपेन में नहाए कैप्टन रोहित
पहले तो कैप्टन रोहित शर्मा अचानक हुए इस शैंपेन अटैक से खुद को बचाते दिखते हैं लेकिन थोड़ी ही देर बाद वो भी अपने खिलाड़ियों की मस्ती में शामिल हो जाते हैं। इस मस्ती को दोगुना टीम इंडिया के पूर्व कप्तान विराट कोहली तब कर देते हैं, जब वो बड़ी सी शैंपेन की बोतल लेकर वहां पहुंच जाते हैं और जमकर खिलाड़ियों को नहलाने लगते हैं। कोहली के इस अटैक का सीधा शिकार शिखर धवन होते हैं।

टीम इंडिया ने वनडे सीरीज 2-1 से जीती
फिलहाल टीम इंडिया की मस्ती का ये वीडियो इस वक्त तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिस पर लोग जमकर कमेंट कर रहे हैं। आपको बता दें कि टीम इंडिया ने इंग्लैंड के खिलाफ 3 मैचों की वनडे सीरीज 2-1 से जीती है।

पंत ने ठोंके 113 गेंदों में 125 रन
भारत की ओर से अंतिम मैच के हीरो रहे उत्तराखंड के छोरे ऋषभ पंत, जिनकी शतकीय पारी को लोग सालों तक नहीं भूल पाएंगे। पंत इस मैच में 113 गेंदों में 125 रन बनाकर नाबाद रहे, उन्हें उनकी इस शानदार पारी के लिए 'मैन ऑफ द मैच का अवॉर्ड ' से भी नवाजा गया।
हार्दिक पंड्या ने 55 बॉल पर 71 रन बनाए
मालूम हो कि रविवार को खेले गए मैच में टीम इंडिया ने टॉस जीतकर पहले बॉलिंग करने का फैसला किया था। इसके बाद इंग्लैंड की पूरी टीम 45.5 ओवर में मात्र 259 रन ही बना पाई, जिसके जवाब में भारतीय टीम ने 42.1 ओवर में ही 5 विकेट गंवाकर 261 रन बना लिया और खिताब अपने नाम कर लिया। भारत की ओर से पंत ने जहां सैकड़ा जड़ा वहीं हार्दिक पंड्या ने 55 बॉल पर 71 रन बनाए और 4 विकेट भी झटके जबकि इंग्लैंड की ओर से कप्तान जोस बटलर ने सबसे ज्यादा 60 रन बनाए।












Click it and Unblock the Notifications