IND vs ENG 1st T20I: संजू सैमसन की जगह वैभव सूर्यवंशी को मिलेगी एंट्री? ऐसी हो सकती है भारत की प्लेइंग-11
IND vs ENG 1st T20I Playing 11: आयरलैंड के खिलाफ बेलफास्ट में मिली हार को पीछे छोड़कर भारतीय टीम अब इंग्लैंड की कड़ी चुनौती का सामना करने के लिए तैयार है। दोनों टीमों के बीच पांच मैचों की टी-20 सीरीज का पहला मुकाबला बुधवार, 1 जुलाई को रिवरसाइड ग्राउंड पर खेला जाएगा। आयरलैंड दौरे पर मिली नाकामी के बाद भारतीय टीम मैनेजमेंट इस मुकाबले के लिए अपने कॉम्बिनेशन में कुछ अहम बदलाव कर सकता है।
वैभव सूर्यवंशी को मिल सकता है मौका? (IND vs ENG 1st T20I Playing 11)
इस सीरीज में सबकी नजरें युवा बल्लेबाजी वैभव सूर्यवंशी पर टिकी हैं, जिन्हें पहले मुकाबले में डेब्यू का मौका मिल सकता है। आयरलैंड के खिलाफ दोनों टी-20 मैचों में बेंच पर बैठने के बाद बाएं हाथ के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग इलेवन में शामिल किए जाने की पूरी संभावना है। उन्हें अनुभवी विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन की जगह ओपनर के तौर पर आजमाया जा सकता है।

सैमसन या किशन किसका कटेगा पत्ता
हाल ही में समाप्त हुए टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहे संजू सैमसन के लिए आयरलैंड का दौरा बेहद निराशाजनक रहा। पहले मैच में महज 5 रन बनाने के बाद वह दूसरे मुकाबले में गोल्डन डक (पहली ही गेंद पर शून्य) का शिकार हुए। हालांकि, अगर टीम मैनेजमेंट टॉप ऑर्डर में लगातार तीन बाएं हाथ के बल्लेबाजों (अभिषेक, वैभव और ईशान) को उतारने से बचना चाहेगा तो सैमसन की जगह ईशान किशन को भी बाहर बैठना पड़ सकता है। ईशान ने भी पिछले दो मैचों में केवल 1 और 12 रन बनाए हैं।
अभिषेक शर्मा को दिखाना होगा दम
दूसरी ओर दुनिया के नंबर-1 टी20 बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने पहले मैच में 20 गेंदों पर 49 रनों की तेजतर्रार पारी खेलकर प्लेइंग इलेवन में अपना स्थान सुरक्षित कर लिया है। भारतीय टीम के नियमित गेंदबाजों के संयोजन में बदलाव की गुंजाइश कम है, लेकिन ऑलराउंडर विभाग में फेरबदल संभव है। आयरलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 में डेब्यू करने वाले मुंबई के ऑलराउंडर सूर्यांश शेडगे प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहे थे। ऐसे में उनकी जगह अनुभवी वाशिंगटन सुंदर की वापसी हो सकती है, जो स्पिन के साथ निचले क्रम में बल्लेबाजी को गहराई देंगे।
कप्तान श्रेयस अय्यर के लिए अहम होगा मैच
कप्तान श्रेयस अय्यर के लिए भी यह मैच व्यक्तिगत रूप से बेहद अहम है। भारत के क्रिकेट इतिहास में अब तक किसी भी कप्तान ने अपने शुरुआती तीनों टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं गंवाए हैं। आयरलैंड में पहले दो मैच हार चुके अय्यर इस अवांछित रिकॉर्ड से बचने और सीरीज में विजयी शुरुआत करने के इरादे से मैदान पर उतरेंगे।
पहले टी20 के लिए भारत की संभावित प्लेइंग-11
अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह और प्रिंस यादव।















Click it and Unblock the Notifications