IND vs BAN: टी20 वर्ल्ड कप में जब आखिरी बार भिड़े थे भारत-बांग्लादेश, धोनी के चमत्कार ने दिलाई थी जीत
टी20 विश्व कप 2022 में कल भारत का मुकाबला बांग्लादेश से है। टूर्नामेंट में आगे जाने के लिए यह मैच दोनों टीमों के लिए बहुत ही अहम रहने वाला है, क्योंकि दोनों ही टीमें अपना पिछला मुकाबल हार चुकी हैं। ऐसे में दोनों टीमों की कोशिश होगी कि जीत की पटरी पर लौटा जाए। टी20 वर्ल्ड कप में भारत और बांग्लादेश की टीमें चौथी बार आमने-सामने होंगी। इससे पहले तीन बार हुए मुकाबलों में भारत ने ही बाजी मारी है। ऐसे में रिकॉर्ड और आंकड़ों के लिहाज से तो भारत कल के मैच के लिए फेवरेट है, लेकिन बांग्लादेश को हमेशा से बड़ा उलटफेर करने वाली टीम के तौर पर देखा जाता है।

टी20 वर्ल्ड कप में जब आखिरी बार भिड़े थे भारत-बांग्लादेश
टी20 वर्ल्ड कप में दोनों टीमें आखिरी बार 2016 में आमने-सामने थीं। उस मैच में भारत ने बांग्लादेश के 1 रन से हरा दिया था। उस मैच में बांग्लादेश पूरी तरह से भारत पर हावी था और यह लगने भी लगा था कि 2007 में मिली शर्मनाक हार के बाद भारत के नाम के साथ एक और हार जुड़ जाएगी, लेकिन धोनी के चमत्कार ने भारत को वो मैच जिता दिया था। उस मैच में भारत की जीत का श्रेय पूरी तरह से धोनी की कप्तानी और विकेट के पीछे उनकी चुस्ती-फुर्ती को दिया गया था।
धोनी ने अनहोनी को कर दिया था होनी
भारत-बांग्लादेश के बीच का यह मैच आज तक का सबसे रोमांचक मैच था। क्रिकेट फैंस शायद ही इस मैच को भूले होंगे। भारत ने इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश को 147 रन का लक्ष्य दिया था। इस मैच में भारतीय बल्लेबाजी लड़खड़ाई थी, लेकिन धवन, कोहली और रैना की पारियों की बदौलत टीम इंडिया एक सम्मानजनक स्कोर तक पहुंच सकी थी। जवाब में बांग्लादेश की पारी भी भारत की तरह ही लड़खड़ाई थी और मैच आखिरी ओवर के रोमांच तक जा पहुंचा था। आखिरी ओवर में बांग्लादेश को जीत के लिए 11 रन की जरूरत थी। किसी भी टीम के लिए आखिरी ओवर में 11 रन बना पाना ज्यादा मुश्किल काम नहीं था, लेकिन धोनी की कप्तानी ने इसे ना सिर्फ मुश्किल किया, बल्कि मैच बांग्लादेश की झोली से निकाल भी लिया।
मैच के आखिरी ओवर को रोमांच था ऐसा
- एमएस धोनी ने पारी का आखिरी ओवर विश्वसनीय हार्दिक पांड्या को दिया। क्रीज पर महमुदुल्लाह और मुशफिकुर रहीम थे। पांड्या के ओवर की पहली गेंद पर 1 रन आया। अब बांग्लादेश को जीत के लिए 10 रन की जरूरत थी। ओवर की दूसरी गेंद पर मुशफिकुर ने चौका मार दिया। अब बांग्लादेश को जीत के लिए 6 रन चाहिए थे। ओवर की तीसरी गेंद पर भी एक चौका लग गया। अब जीत के लिए 2 रन की जरूरत थी।
- लगातार दो चौके लगने के बाद धोनी ने फील्ड में बदलाव किया और पांड्या से चर्चा की। इसके बाद ओवर की चौथी और पांचवी गेंद पर दो लगातार विकेट गिर गए। आखिरी गेंद पर बांग्लादेश को जीत के लिए 2 रन की ही जरूरत थी और स्ट्राइक पर महमुदुल्लाह थे। पांड्या ने ओवर की आखिरी गेंद मिस करा दी और विकेट के पीछे धोनी ने ऐसी दौड़ लगाई की एक रन पूरा होने से पहले ही धोनी ने स्टंप उखाड़ दिए। थर्ड अंपायर को रिव्यू भेजा गया और टीवी रिप्ले में साफ देखा गया कि धोनी की फुर्ती के चलते ही आखिरी गेंद पर मुश्तफिजुर रन आउट हो गए और भारत 1 रन से मैच जीत गया।












Click it and Unblock the Notifications