IND vs BAN: बल्लेबाजों के बाद भारतीय गेंदबाजों ने बांग्लादेश की उड़ाई धज्जियां, मेजबान टीम की शर्मनाक हार
भारतीय टीम ने तीसरे वनडे में हर विभाग में धाकड़ खेल का प्रदर्शन करते हुए मेजबान बांग्लादेश टीम को एक बड़े अंतर से हरा दिया।

IND vs BAN, 3rd ODI: भारतीय टीम को बांग्लादेश के खिलाफ तीसरे वनडे मैच में बड़ी जीत दर्ज करने का मौका मिला। पहले खेलते हुए टीम इंडिया ने इशान किशन के दोहरे शतक की बदौलत 8 विकेट पर 409 रनों का स्कोर खड़ा किया। जवाबी पारी में बांग्लादेश 34 ओवरों में 182 रन बनाकर आउट हो गई। इस तरह टीम इंडिया ने 227 रनों के बड़े अंतर से मैच जीता। भारत के लिए शार्दुल ठाकुर ने 3, अक्षर पटेल और उमरान मलिक ने 2-2 विकेट अपने नाम किये। बांग्लादेश ने इस सीरीज पर 2-1 से कब्जा जमा लिया।
बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया और यह फैसला सही साबित हुआ क्योंकि शिखर धवन 3 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद इशान किशन ने मौके का पूरा फायदा उठाया और विराट कोहली के साथ मिलकर बांग्लादेश के गेंदबाजों को धो डाला। उन्होंने 85 गेंदों में शतक जमाया। इसके बाद वह और तेज खेले और दोहरा शतक जमा दिया। अगले 100 रन उन्होंने 41 गेंदों में जड़ा। तीसरे विकेट के लिए कोहली और इशान किशन ने 290 रन जोड़े। इधर कोहली ने भी अपना 72वां अंतरराष्ट्रीय शतक पूरा किया। वनडे में उनका यह 44वां शतक है। इशान किशन 131 गेंदों में 210 रन बनाकर आउट हुए। कोहली ने 91 गेंद में 113 रन बनाए। वॉशिंगटन सुन्दर ने 37 और अक्षर पटेल ने 20 रन बनाते हुए टीम इंडिया को 400 पार पहुंचा दिया। भारतीय टीम ने छठी बार 400 का स्कोर बनाया। टीम इंडिया ने 8 विकेट पर 409 रनों का स्कोर खड़ा किया।बांग्लादेश के लिए तस्कीन अहमद, इबादत हुसैन और शाकिब अल हसन ने 2-2 विकेट झटके।
जवाब में खेलते हुए बांग्लादेश ने सबसे पहले अनामुल हक का विकेट गंवाया। वह 8 रन बनाकर अक्षर पटेल का शिकार बने। इसके बाद तेज खेल रहे लिटन दास को सिराज ने 29 रनों के निजी स्कोर पर आउट कर दिया। मुशफिकुर रहीम का बल्ला भी नहीं चला, वह 7 रन बनाकर अक्षर पटेल की गेंद पर बोल्ड हो गए। शाकिब अल हसन कुछ देर क्रीज पर टिककर रन बनाने का प्रयास कर रहे थे लेकिन उनको कुलदीप यादव ने 43 रनों के निजी स्कोर पर आउट कर दिया। यासिर अली 25 और महमुदुल्लाह 20 रन बनाकर चलते बने। इसके बाद अन्य बल्लेबाज भी आउट हो गए और मेजबान टीम 182 पर सिमट गई। शार्दुल ठाकुर ने सबसे ज्यादा 3 विकेट झटके।
शुरुआती दो मैचों में जीत दर्ज करने के कारण बांग्लादेश टीम ने इस सीरीज पर 2-1 से कब्जा जमा लिया। भारतीय टीम अब बांग्लादेश के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेलेगी। रोहित शर्मा के खेलने पर अभी तक कोई फैसला नहीं हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications