'भारतीय टीम नहीं होती तो तुम्हारी दुकान कैसे चलती,' अश्विन ने ट्विटर पर ट्रोल को दिया करारा जवाब
अश्विन सोशल मीडिया पर भी नियमित रूप से एक्टिव रहते हैं। उन्होंने ट्रोल करने वाले एक व्यक्ति को करारा जवाब दिया और लोगों ने उनका यह अंदाज पसंद किया।

IND vs BAN 2nd Test: रविचंद्रन अश्विन मैदान के अंदर और बाहर दोनों जगह जलवा दिखाते हैं। मैदान पर गेंद और बल्ले से बेहतरीन प्रदर्शन करने के बाद वह सोशल मीडिया पर भी एक्टिव दिखते हैं। कई बार मजेदार बातें भी वह लिखते हैं। ऐसा ही कुछ इस बार हुआ है लेकिन यह सबसे अलग हुआ है। अश्विन ने ट्रोल करने वाले एक यूजर को ट्विटर पर करारा जवाब दे दिया। अश्विन ने एक तीर से दो शिकार करने जैसा काम किया है।
बांग्लादेश के खिलाफ ढाका टेस्ट जीतने के बाद ट्रॉफी टीम इंडिया को मिली। इसे लेकर ट्विटर पर एक ट्रोल ने अश्विन को कहा कि यह ट्रॉफी मोमिनुल हक को देनी चाहिए क्योंकि उन्होंने एक आसान कैच छोड़ दिया था। अगर वह इस कैच को लपक लेते तो भारतीय टीम निश्चित रूप से 89 के कुल स्कोर पर आउट हो जाती। इसके बाद अश्विन ने ऐसा जवाब दिया, जिसकी चारों तरफ तारीफ हो रही है।
अश्विन ने इस ट्रोल को कहा कि मैंने यह सोचा था कि मैं तुमको ब्लॉक कर चुका हूँ। माफ़ी चाहता हूँ, वह कोई अन्य व्यक्ति था। उसका नाम क्या था? अरे हाँ, डेनियल अलेक्जेंडर नाम था उसका। कल्पना करो अगर भारतीय टीम क्रिकेट नहीं खेल रही होती, तो तुम दोनों क्या करते?
अश्विन के इस जवाब को लोगों ने ख़ासा पसंद किया। एक घंटे में ही करीबन 5 हजार रीट्वीट हो गए। हजारों लोगों ने इस ट्वीट को लाइक किया। अश्विन ने जिस व्यक्ति का नाम लिखकर ट्वीट किया था, वह भारतीय टीम को हर दिन ट्विटर पर ट्रोल करता है। इस बारे में अश्विन के अलावा भारतीय टीम के अन्य खिलाड़ियों को भी पता है। इस बार अश्विन ने मौके का फायदा उठाते हुए उसे जबरदस्त तरीके से ट्रोल किया है।
बांग्लादेश के खिलाफ ढाका टेस्ट मैच में अश्विन ने दूसरी पारी में 42 रनों की नाबाद पारी खेली। भारतीय टीम ने 3 विकेट से जीत दर्ज करते हुए सीरीज 2-0 से अपने नाम कर ली। इस तरह टीम इंडिया ने मुश्किल मैच में जीत हासिल कर ली।












Click it and Unblock the Notifications