IND vs BAN: 'मैं अब आक्रामक होकर गेंदबाजी करता हूं,' प्लेयर ऑफ़ द मैच कुलदीप यादव का बयान
बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में टीम इंडिया ने बड़ी जीत दर्ज कर सीरीज में बढ़त बनाई, कुलदीप यादव को प्लेयर ऑफ़ द मैच चुना गया है।

IND vs BAN 1st Test: भारतीय टीम ने बांग्लादेश को पहले टेस्ट मैच में 188 रनों के बड़े अंतर से हराते हुए दो मैचों की सीरीज में बढ़त हासिल कर ली। भारतीय टीम ने मेजबान टीम को हर विभाग में पीछे छोड़ दिया। भारतीय टीम की बैटिंग में कुछ बेहतरीन शतक देखने को मिले। गेंदबाजी में कुलदीप यादव ने दोनों पारियों में धाकड़ गेंदबाजी का प्रदर्शन किया। कुलदीप यादव ने बैटिंग में भी पहली पारी के दौरान शानदार काम किया। उनको ऑल राउंड खेल के कारण प्लेयर ऑफ़ द मैच चुना गया। कुलदीप यादव ने वापसी के बाद उम्दा प्रदर्शन को लेकर अहम प्रतिक्रिया दी।

कुलदीप यादव ने दिखाया आक्रामक रुख
प्लेयर ऑफ़ द मैच चुने जाने के बाद कुलदीप यादव ने कहा कि मैंने गेंद और बल्ले से उचित योगदान दिया और इसकी मुझे ख़ुशी है। पहली पारी के दौरान पिच थोड़ी तेज थी। दूसरी पारी में पिच चुनौतीपूर्ण थी। मैं अपनी लय में रहते हुए तेज गेंद डालने का प्रयास कर रहा था। ज्यादा टर्न बल्लेबाजों के लिए चीजें मुश्किल कर देता है। ड्राइव करना और आगे आकर खेलने कठिन हो जाता है। मैंने अपनी लय पर काम किया तथा ज्यादा आक्रामक होकर गेंदबाजी की, जिससे मदद मिली। मेरा एक्शन पहले की तरह है लेकिन मैंने अब ज्यादा आक्रामक होकर गेंदबाजी शुरू की है।

दोनों पारियों में कुलदीप रहे सफल
बांग्लादेश की बैटिंग को ध्वस्त करने में कुलदीप यादव सबसे आगे रहे और दोनों पारियों में अपनी धमाकेदार गेंदबाजी से मेजबान बल्लेबाजों को परेशान किया। पहली पारी में कुलदीप यादव ने 40 रन देकर 5 विकेट अपने नाम किये। बांग्लादेश इस पारी में 150 पर सिमट गई थी। इसके बाद 513 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए मेजबान टीम ने कुछ रन बनाए लेकिन कुलदीप यादव ने इस बार भी अपनी स्पिन गेंदबाजी का जादू दिखाते हुए बांग्लादेश के 3 खिलाड़ी आउट किये। मेजबान टीम 324 रन बनाकर आउट हो गई। इसके अलावा पहली पारी में बल्लेबाजी के दौरान कुलदीप यादव ने बल्ले से धमाका करते हुए 40 रनों की पारी खेल टीम इंडिया को 400 पार पहुंचाने में मदद की।

अक्षर पटेल ने भी दिखाया दम
बांग्लादेश की दूसरी पारी के दौरान अक्षर पटेल ने अपनी सटीक गेंदों से बल्लेबाजों के लिए मुश्किलें खड़ी कर दी। अक्षर पटेल ने दूसरी पारी के दौरान 4 विकेट अपने नाम किये। पहली पारी में उनको एक ही विकेट मिल पाया था। कुलदीप यादव के साथ मिलकर अक्षर पटेल ने बांग्लादेश के बल्लेबाजों को टिकने का मौका नहीं दिया और टीम इंडिया को मैच जिता दिया।












Click it and Unblock the Notifications