ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉलिंग करेंगे King Kohli? नेट्स पर 30 मिनट तक किया गेंदबाजी का अभ्यास
नई दिल्ली, 20 सितंबर: क्रिकेट के गलियारों में एक बार फिर से किंग कोहली के नाम का डंका बज गया है। एशिया कप से फॉर्म में धमाकेदार वापसी करने वाले विराट कोहली अब ऑस्ट्रेलिया से मिलने वाली चुनौती के लिए भी तैयार है। हालांकि, बीते 14 सालों में आप सभी ने कोहली को गेंदबाजों की पिटाई करते देखा होगा, लेकिन अब किंग का एक नया अवतार भी देखने को मिल सकता है। दरअसल, विराट अब गेंदबाजी में भी हाथ आजमा रहे हैं।

आधे घंटे बहाया पसीना
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 सीरीज का आगाज होने से पहले सोमवार को टीम इंडिया के खिलाड़ियों ने नेट्स पर खूब पसीना बहाया। विराट कोहली ने काफी समय तक बल्लेबाजी और फील्डिंग का अभ्यास किया, लेकिन अभ्यास सत्र खत्म होने से पहले कोहली बॉलिंग प्रैक्टिस भी करते नजर आए। पूर्व भारतीय कप्तान ने मोहाली के पीसीए स्टेडियम में करीब 30 मिनट तक गेंदबाजी का अभ्यास किया। जिसकी कुछ तस्वीरें खुद पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन ने अपने ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट पर पोस्ट की।

अक्षर को हुई परेशानी
हिंदुस्तान टाइम्स की खबर के मुताबिक, बीतों कई सालों में कोहली ने पहली बार काफी समय तक गेंदबाजी का अभ्यास किया। विराट ने ऋषभ पंत और अक्षर पटेल के सामने गेंदबाजी की। विराट की गेंदों का सामना करने में अक्षर को काफी परेशानी भी हुई। ऐसे में यह कहना गलत नहीं होगा कि पूर्व भारतीय कप्तान को मोहाली में छठे गेंदबाज के रूप में देखा जा सकता है।
जडेजा के बाहर होने के बाद खड़ी हुई समस्या
एशिया कप के दौरान स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा के चोटिल होने के बाद टीम इंडिया की प्लेइंग-11 में छठे गेंदबाज की समस्या काफी बढ़ गई है। जडेजा के बाहर होने के बाद एशिया कप में टीम को नए-नए कॉम्बिनेशन के साथ मैदान पर उतरना पड़ा। ऐसे में कप्तान रोहित शर्मा टी20 वर्ल्ड कप से पहले ऑस्ट्रेलिया सीरीज में अपने सभी ऑप्शन आजमाना चाहेंगे।

हॉन्ग कॉन्ग के खिलाफ किया था एक ओवर
एशिया कप में हॉन्ग कॉन्ग के खिलाफ विराट कोहली ने एक ओवर की गेंदबाजी की थी। विराट ने भी कैप्टन रोहित को निराश नहीं किया और एक सफल ओवर डाला। कोहली ने अपने ओवर में बिना कोई चौका-छक्का खाए सिर्फ 6 रन खर्च किए। उनके ओवर में चार सिंगल और एक गेंद पर दो रन देखने को मिले। हालांकि, वह कोई विकेट नहीं ले सके। खास बात ये रही कि पूर्व भारतीय कप्तान को इस फॉर्मेट में पूरे 6 साल के बाद बॉलिंग करते देखा गया।

4 विकेट ले चुके हैं कोहली
तीनों फॉर्मेट में अपने बल्ले से धूम मचाने वाले विराट कोहली टी20 इंटरनेशनल में बतौर गेंदबाज कुल 4 विकेट ले चुके हैं। इतना ही नहीं विराट दुनिया के एकमात्र ऐसे खिलाड़ी है, जिन्होंने अपने T20I करियर की पहली ही गेंद पर विकेट लिया हो। कोहली ने ये कारनामा 2011 में इंग्लैंड के दिग्गज केविन पीटरसन को आउट कर किया था। किंग कोहली ने वाइड गेंद डाली थी, जिसपर धोनी ने केविन को स्टंप आउट किया था।












Click it and Unblock the Notifications