IND vs AUS: 'रेस्ट देना स्मार्ट देना फैसला नहीं था', नई गेंद पर शमी की खराब लय से गावस्कर निराश
IND vs AUS: सुनील गावस्कर इस बात से नाखुश दिखाई दिए जब मोहम्मद शमी ने अपना पहला ओवर फेंकते हुए लाइन-लेंथ के साथ संघर्ष किया और 10 रन दे दिए। शमी को इंदौर में रेस्ट दिया गया था।

भारत के दिग्गज बल्लेबाज सुनील गावस्कर इस बात से निराश दिखे कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चौथे टेस्ट के पहले दिन मोहम्मद शमी ने नई गेंद से कोई लय नहीं दिखाई। वे सही जगह पर टप्पा डालने में संघर्ष करते हुए दिखाई दिए। बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के अहमदाबाद टेस्ट के दौरान स्टीव स्मिथ ने बल्लेबाजों की पिच पर पहले बैटिंग करने में कोई झिझक नहीं दिखाई और यहां पर नई गेंद से शमी बोझिल से दिखाई दिए। साफ दिख रहा था कि एक टेस्ट में मिले आराम ने उनको लय से भटका दिया है।
मोहम्मद शमी ने इंदौर टेस्ट में रेस्ट करने के बाद अहमदाबाद में पहले ओवर में 10 रन देकर खराब ओवर फेंका। उन्होंने एक बड़े वाइड के साथ शुरुआत की फिर चार रन बाई के मिले।
तब कमेंट्री में मौजूद गावस्कर ने स्टार स्पोर्ट्स के लिए कहा, "मोहम्मद शमी को आराम देना एक स्मार्ट फैसला नहीं था। दूसरे और तीसरे टेस्ट के बीच आपके पास 8 दिनों का ब्रेक था। "
गावस्कर ने आगे कहा कि शमी जैसा गेंदबाज लय में रहना पसंद करता है। महान बल्लेबाज ने कहा कि तेज गेंदबाज के लिए मैच फिट रहना जरूरी है।
गावस्कर ने कहा, "बल्लेबाज घबराया हुआ है, वह अभी खाता नहीं खोल पाया है। वह आराम से कीपर के पास गेंद जाती देख रहा है तो उसको पिच के मिजाज को भांपने का मौका मिल जाता है। इसके बाद वह दिमागी तौर पर रिलेक्स फील करता है। महान गेंदबाज वो होते हैं जो पहली गेंद से ही आपके पीछे पड़ जाते थे। शमी ने अपनी लाइन सही नहीं की। कितनी दूर गेंद फेंकी।"
गावस्कर ने आगे कहा कि शमी ऐसे बॉलर हैं जो लय में रहना पसंद करते हैं, आपको ऐसे में उन्हें रेस्ट नहीं देना चाहिए था। अपनी गेंदबाजी की मसल्स को रिद्म में रखना जरूरी है जो आप जिम में नहीं कर सकते।
हालांकि शमी को बाद में एक विकेट मिला जब मार्नस लाबुशेन ने उनकी गेंद को स्टंप में खींच लिया। लेकिन इस पिच पर तेज गेंदबाजों के लिए मदद नहीं है। देखना होगा रिवर्स स्विंग पर शमी क्या कर पाते हैं। शमी और उमेश भारतीय पिचों पर गेंदबाजी करने वाले बेस्ट पेसर हैं। लेकिन ये पिच बल्लेबाजों के लिए पूरी सीरीज का बेस्ट विकेट भी ऑफर कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications