'अच्छा हुआ केएल राहुल इंदौर कि पिच पर नहीं खेले, वर्ना करियर खत्म हो जाता', पूर्व खिलाड़ी ने क्यों कही यह बात
भारत के पूर्व सेलेक्टर और खिलाड़ी कृष्णमाचारी श्रीकांत ने कहा है कि अच्छा हुआ केएल राहुल इंदौर की पिच पर नहीं खेले, नहीं तो उनका करियर समाप्त हो जाता। इंदौर टेस्ट में केएल राहुल की जगह शुभमन गिल खेले थे।

बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का तीसरा टेस्ट मैच इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेला गया था, जहां ऑस्ट्रेलिया ने तीन दिन के अंदर ही मैच को खत्म करते हुए भारत को 9 विकेट से हरा दिया। इस मैच के नतीजे के बाद से भारत और ऑस्ट्रेलिया दोनों देशों के कई पूर्व क्रिकेटरों ने इंदौर की पिच को लेकर सवाल खड़े किए हैं। मैथ्यू हेडन, माइकल क्लार्क और दिलीप वेंगसरकर जैसे पूर्व दिग्गज खिलाड़ी इंदौर की पिच को लेकर नाराजगी व्यक्त कर चुके हैं। आपको बता दें कि इंदौर टेस्ट के तीन दिन के खेल में कुल 30 विकेट गिरे थे। इसी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि इंदौर की पिच बल्लेबाजों के लिए किसी बुरे सपने से कम नहीं थी। इंदौर की पिच को लेकर चल रहे बवाल के बीच पूर्व भारतीय खिलाड़ी और पूर्व मुख्य चयनकर्ता कृष्णमाचारी श्रीकांत ने इस पिच को केएल राहुल से जोड़ दिया है।
श्रीकांत ने केएल राहुल पर कसा तंज
दरअसल, श्रीकांत ने इंदौर की पिच की आलोचना करते हुए केएल राहुल पर भी चुटकी ली है। श्रीकांत ने कहा है कि अच्छा हुआ केएल राहुल को इंदौर टेस्ट में नहीं खिलाया गया, अगर उन्हें मौका दिया जाता तो उस खराब पिच की वजह से उनका करियर खत्म हो जाता। आपको बता दें कि इंदौर टेस्ट में केएल राहुल की जगह शुभमन गिल को प्लेइंग इलेवन में जगह मिली थी। शुभमन गिल इंदौर टेस्ट की दोनों पारियों में सिर्फ 26 रन बना पाए थे। वहीं केएल राहुल इस वक्त खराब फॉर्म से गुजर रहे हैं, इसीलिए श्रीकांत ने राहुल पर तंज कसा है। राहुल को उनके खराब फॉर्म की वजह से ही पहले उपकप्तानी से हटाया गया। बाद में प्लेइंग इलेवन से भी बाहर किया गया।
मैं केएल राहुल के लिए काफी खुश हूं- श्रीकांत
कृष्णमाचारी श्रीकांत ने अपने यूट्यूब चैनल पर जारी एक वीडियो में कहा है कि इंदौर की पिच काफी खराब थी। श्रीकांत ने पिच को तीन डिमेरिट पॉइंट्स दिए। मैच रेफरी क्रिस ब्रॉड ने कहा कि पिच बल्ले और गेंद के बीच संतुलन प्रदान नहीं करती है और यह शुरू से ही स्पिनरों के अनुकूल थी। श्रीकांत ने इस दौरान गिल के प्रदर्शन पर कोई टिप्पणी नहीं की है। श्रीकांत ने कहा है, "सबसे पहले और सबसे महत्वपूर्ण, मैं केएल राहुल के लिए खुश हूं। शुक्र है, अच्छा है कि वह नहीं खेले। अगर वह इन विकेटों पर खेले और अगले दो टेस्ट में असफल रहे, और अगर उनका करियर खत्म हो गया ... भगवान का शुक्र है , वह नहीं खेले।"
इंदौर की पिच पर मैं भी विकेट ले लेता- श्रीकांत
श्रीकांत ने आगे कहा कि ऐसी पिचों पर बल्लेबाजी करना वाकई मुश्किल होता है, जहां कोहली जैसा बल्लेबाज भी संघर्ष करता हुआ नजर आ रहा था। श्रीकांत ने कहा कि इन पिचों पर कोहली हो या फिर कोई और बल्लेबाज, यहां कोई भी रन नहीं बना सकता। अगर आप देखेंगे तो स्पिनर्स को इस पिच पर काफी मदद मिल रही थी, इस पिच पर अगर मैंने भी गेंदबाजी की होती तो मुझे भी विकेट मिल जाता।












Click it and Unblock the Notifications