IND vs AUS: भारतीय टीम सीरीज में ऑस्ट्रेलिया का सूपड़ा साफ़ करेगी, दादा ने की भविष्यवाणी
भारतीय टीम ने अब तक खेले गए दोनों मैचों में ऑस्ट्रेलिया को कोई मौका नहीं दिया, गांगुली ने अगले मैचों को लेकर बयान दिया है।

IND vs AUS: बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में भारतीय टीम ने दो मैचों को जीतकर सीरीज में विजयी बढ़त हासिल कर ली। भारतीय टीम ने दोनों मैचों में डोमिनेट किया है। तीसरा मुकाबला इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेला जाएगा। इस बीच भारतीय टीम के पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली ने बड़ी प्रतिक्रिया दी है। सीरीज में भारतीय टीम की जीत से सम्बंधित भविष्यवाणी दादा ने की है। गांगुली के अनुसार ऑस्ट्रेलिया की टीम इस सीरीज में एक भी मैच नहीं जीत पाएगी।
रेव स्पोर्ट्स के मुताबिक़ दादा ने कहा है कि टीम इंडिया इस सीरीज में 4-0 से जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलियाई टीम भारत को हरा पाए, यह मुश्किल ही होता दिख रहा है। इन परिस्थितियों में हम एक काफी बेहतरीन टीम हैं। सीरीज का नतीजा 4-0 से भारत के पक्ष में होगा।
गौरतलब है कि भारतीय टीम ने नागपुर में खेले गए पहले टेस्ट मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को एक पारी और 132 रनों से हरा दिया था। टीम इंडिया ने इस मुकाबले को एकतरफा बना दिया था। इसके बाद दिल्ली में दूसरे टेस्ट मैच के दौरान भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला। इस मैच में भारतीय टीम ने 6 विकेट से जीत दर्ज करते हुए बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी रिटेन कर ली।
ऑस्ट्रेलिया की टीम के लिए सीरीज में कुछ भी सही नहीं रहा है। कंगारुओं के कुछ खिलाड़ी चोटिल हुए हैं और वापस स्वदेश गए हैं। कप्तान पैट कमिंस मां की तबियत खराब होने की वजह से वापस अपने देश लौट गए हैं। ऐसे में इंदौर टेस्ट मैच में कप्तानी का जिम्मा स्टीव स्मिथ संभालेंगे। डेविड वॉर्नर चोट के कारण वापस गए हैं। इस तरह दो बड़े नाम बाहर हो गए।
भारतीय टीम के लिए इस सीरीज में अश्विन और जडेजा ने धमाकेदार खेल का प्रदर्शन किया है। दोनों ने मेहमान बल्लेबाजों को सेटल होने का मौका नहीं दिया। जडेजा दोनों मुकाबलों में प्लेयर ऑफ़ द मैच चुने गए हैं। आने वाले दोनों मैचों में भी भारतीय स्पिनरों का बोलबाला देखने को मिल सकता है। ऐसे में गांगुली का बयान प्रासंगिक भी है।












Click it and Unblock the Notifications