IND vs AUS: रोहित शर्मा ने ऑस्ट्रेलिया को हराने के बाद दी बड़ी प्रतिक्रिया, खुद की बैटिंग पर कही ये बात
रोहित शर्मा ने कहा कि इस सीरीज में हम जिस तरह का परिणाम प्राप्त करना चाहते थे, वह हासिल करने में सफल रहे हैं।

IND vs AUS 4th Test: भारतीय टीम ने अहमदाबाद टेस्ट मैच ड्रॉ होने के साथ ही चार टेस्ट मैचों की सीरीज में ऑस्ट्रेलिया को 2-1 से पराजित कर दिया। नागपुर और दिल्ली टेस्ट में भारतीय टीम ने जीत दर्ज की थी। इंदौर टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया ने जीत हासिल की थी। अंतिम टेस्ट बेनतीजा समाप्त हो गया। कप्तान रोहित शर्मा ने कहा कि इस तरह के परिणाम की उम्मीद थी। रोहित शर्मा ने इस सीरीज में खुद की फॉर्म और बल्लेबाजी को लेकर भी बयान दिया और कहा कि मैं इससे संतुष्ट हूं।
इस सीरीज की अहमियत जानते थे
कई खिलाड़ी सीरीज में पहली बार खेल रहे थे लेकिन यह शुरुआत से ही काफी शानदार रही। हम इस सीरीज और विपक्षी टीम की अहमियत जानते हैं। इसमें काफी मेहनत गई है। अलग-अलग समय में हम जवाब देते रहे हैं। सीरीज शुरू हुई, तभी हम जानते थे कि यह अहम है। दिल्ली टेस्ट मैच को लेकर मुझे गर्व है। हम उस मुकाबले में पीछे थे। इंदौर टेस्ट मैच में हम खुद दबाव में आ गए और मुकाबला गंवा दिया।
व्यक्तिगत प्रदर्शन को लेकर संतुष्ट
भारतीय कप्तान ने आगे कहा कि अलग-अलग खिलाड़ियों ने प्रदर्शन किया। कई खिलाड़ियों ने जिम्मेदारी से गेम खेला। टेस्ट क्रिकेट काफी मुश्किल होता है और यह कभी आसान नहीं रहता। मैं प्रदर्शन को लेकर खुश हूं और मुझे पता है कि मैंने खुद के लिए किस तरह का बेंचमार्क सेट किया है। मैं व्यक्तिगत कीर्तिमान अलग रखता हूं। जिस तरह का परिणाम इस सीरीज से मैं चाहता था, वह मिल गया। इस तरह के परिणाम से ख़ुशी है।
जडेजा ने बैटिंग को लेकर जताई निराशा
भारतीय स्पिनर रविन्द्र जडेजा ने कहा कि अश्विन के साथ गेंदबाजी करते हुए अच्छा लगता है। वह बताते रहते हैं कि बल्लेबाज के सामने किस तरह की फील्डिंग लगानी है और कौन सी गेंद डालनी है। मैं इस सीरीज में अपनी बल्लेबाजी से खुश नहीं हूं। मैंने कुछ मौके गंवाए हैं, खासकर इस टेस्ट में ऐसा हुआ। मैं अपनी बैटिंग पर फोकस करने के लिए मेहनत करूंगा।












Click it and Unblock the Notifications