IND vs AUS: पहले भारत दौरे पर मैं ड्रिंक्स ढोता था, यह शतक भावुक कर गया, ख्वाजा ने सुनाया किस्सा
उस्मान ख्वाजा इससे पहले भी भारत दौरे पर आए हैं लेकिन उस समय उनको खेलने का मौका नहीं मिला था, अब वह धाकड़ प्रदर्शन कर रहे हैं।

IND vs AUS 4th Test: अहमदाबाद में भारत के खिलाफ उस्मान ख्वाजा ने ऑस्ट्रेलिया के लिए बेहतरीन शतक जड़ते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। उस्मान ख्वाजा दिन के पहले ओवर से लेकर अंतिम गेंद तक टिके रहे और नाबाद सैकड़ा जमाया। इस सीरीज में ख्वाजा ऑस्ट्रेलिया की तरफ से सबसे ज्यादा रन बनानेव वाले बल्लेबाज हैं। दो फिफ्टी और एक शतक उनके बल्ले से आया है। इससे पहले भी वह भारत दौरे पर आए थे लेकिन खेल नहीं पाए थे। अब शतक जड़ने को लेकर अपने अहसास के बारे में ख्वाजा की तरफ से प्रतिक्रिया आई है।

उस्मान ख्वाजा ने सुनाया इमोशनल किस्सा
पहले दिन का खेल समाप्त होने के बाद ख्वाजा ने कहा कि इस शतक से भावनाएं जुड़ी हुई थीं। इस पहले मैं भारत दौरे पर दो बार आया हूं और आठ टेस्ट में ड्रिंक्स मैदान पर लेकर गया। इस विकेट पर मैं आउट नहीं होना चाहता था और यह एक मानसिक मुकाबला था, आपको अहंकार दूर कर खेलने की आवश्यकता होती है। ग्रीन के साथ गले मिलने को लेकर उन्होंने कहा कि मेरे अंदर किसी तरह का अंधविश्वास नहीं है, मेरे दाएं हाथ में हेलमेट था इसलिए हाईफाइव के बजाय मैंने गले मिलने के लिए कहा।

कैमरन ग्रीन ने भी की धाकड़ बैटिंग
उस्मान ख्वाजा के अलावा कैमरन ग्रीन ने भी धमाकेदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। ऑस्ट्रेलिया के 4 विकेट गिरने के बाद वह बल्लेबाजी करने के लिए आए और तूफानी अंदाज में बैटिंग की। दिन का खेल समाप्त होने तक वह 49 रन बनाकर नाबाद लौटे। उस्मान ख्वाजा और कैमरन ग्रीन ने मिलकर पांचवें विकेट के लिए 85 रनों की अविजित भागीदारी की। ऑस्ट्रेलिया ने पहले दिन 4 विकेट पर 255 रन बनाए।

भारत और ऑस्ट्रेलिया के पीएम भी स्टेडियम पहुंचे
टेस्ट मैच की शुरुआत से पहले भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथोनी अल्बनीज स्टेडियम में गए थे। दोनों अपनी-अपनी टीमों के साथ नेशनल एंथम के लिए भी पहुंचे थे। पीएम मोदी ने रोहित शर्मा को कैप दी। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच दोस्ती के 75 साल होने पर यह इवेंट हुआ। इस दौरान बीसीसीआई के सेक्रेटरी जय शाह भी मौजूद थे।












Click it and Unblock the Notifications