IND vs AUS 2nd ODI: रोहित शर्मा की वापसी के चलते बदलाव है तय, जानिए कैसी होगी भारत की प्लेइंग 11
India's Playing 11: भारतीय क्रिकेट टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ विशाखापत्तनम में दूसरा वनडे मैच खेलने जा रही है जहां कप्तान रोहित शर्मा की वापसी के चलते प्लेइंग 11 में बदलाव होना तय है।

भारतीय क्रिकेट टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ विशाखापत्तनम के डॉ वाई एस राजशेखरा रेड्डी क्रिकेट स्टेडियम में वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला खेलेगी। टीम इंडिया ने हार्दिक पांड्या की अगुवाई में मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में हुआ पहला मुकाबला 5 विकेट से जीत लिया था। इस बार भारत की प्लेइंग 11 में बदलाव होना निश्चित है क्योंकि नियमित कप्तान रोहित शर्मा अपनी फैमिली में शादी के बाद वापस मैदान में लौट रहे हैं।
पिछले मुकाबले में रोहित शर्मा की जगह पर शुभमन गिल के ओपनिंग जोड़ीदार ईशान किशन थे जिन्होंने मिले मौके का भरपूर फायदा नहीं उठाया और केवल 3 रन बनाकर आउट हो गए थे। हालांकि शुभ्मन गिल भी 20 रन बना पाए थे और विराट कोहली व सूर्यकुमार यादव जैसे बल्लेबाज भी मिशेल स्टार्क की घातक गेंदबाजी के सामने धराशाई हो गए थे लेकिन मौजूदा सेटअप में गाज गिरने की पूरी उम्मीद ईशान किशन पर ही है।
पिछले मैच में केएल राहुल ने तमाम आलोचनाओं से उभरते हुए 91 गेंदों पर 75 रनों की पारी खेली और उनके साथ रवींद्र जडेजा ने एक शतकीय साझेदारी करके भारत को मुश्किल से बाहर निकालते हुए जीत दर्ज की।
ओपनिंग में रोहित शर्मा की वापसी-
ओपनिंग जोड़ी की बात करें तो बांग्लादेश के खिलाफ डबल सेंचुरी मारने के बाद ईशान किशन ने टीम से अंदर बाहर रहते हुए संघर्ष ही अधिक किया है ऐसे में रोहित शर्मा के साथ गोल्डन फॉर्म में चल रहे गिल ओपनिंग में आएंगे। नंबर 3 पर विराट कोहली और सूर्यकुमार यादव रहेंगे जबकि विकेटकीपर के तौर पर केएल राहुल फिर से अपने स्थान पर मौजूद रहेंगे।
केएल राहुल विकेटकीपर-
केएल राहुल की विकेटकीपिंग ने भारत को अपनी प्लेइंग इलेवन में कुछ और विकल्प शामिल करने की छूट दी है। तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर के तौर पर हार्दिक पांड्या मौजूद रहेंगे और पिछले मुकाबले के प्लेयर ऑफ द मैच रहे रवींद्र जडेजा उनके बाद मैदान में आएंगे।
शार्दुल ठाकुर और उमरान मलिक में किसी को मिल सकता है मौका-
यहां पर तेज गेंदबाजी में एक दिलचस्प बदलाव देखने को मिल सकता है क्योंकि पिछले मुकाबले में शार्दुल ठाकुर ने केवल दो ही ओवर गेंदबाजी की थी और कोई प्रभाव छोड़ने में असफल रहे थे। हालांकि वे बल्लेबाजी कर सकते हैं जिसके चलते उनको एक मौका और दिया जा सकता है लेकिन भारतीय टीम विजाग के फ्लैट ट्रैक पर अगर कोई x-factor देखना चाहती है तो वह उमरान मलिक जैसा तेज गति का गेंदबाज हो सकता है। मलकि भी हालांकि हिट एंड मिस टाइप के खिलाड़ी हैं लेकिन उनको लगातार मौके देने पर ही अनुभव हासिल होगा।
गेंदबाजी विभाग-
तेज गेंदबाजों में मोहम्मद शमी और मोहम्मद सिराज की जगह पक्की है क्योंकि इन्होंने आपस में छह विकेट लेकर पिछले मुकाबले में कंगारुओं की हालत पतली करने में अहम भूमिका अदा की थी। वही कुलदीप यादव को एक और मौका मिलेगा क्योंकि वे बेहतर फॉर्म में है और उन्होंने पहले मैच में एक ही विकेट लिया लेकिन मैच प्रैक्टिस के साथ उनसे और निखार की उम्मीद की जा रही है।
भारत की प्लेइंग 11 ऐसी हो सकती है-
रोहित शर्मा, शुभमन गिल, विराट कोहली, सर्यकुमार यादव, केएल राहुल, हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, शार्दुल ठाकुर/उमरान मलिक, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव












Click it and Unblock the Notifications