IND vs AUS: रोहित शर्मा का धमाकेदार अर्धशतक, भारतीय टीम ने की बेहतरीन शुरुआत
ऑस्ट्रेलिया को सस्ते में समेटने के बाद भारतीय टीम ने बल्लेबाजी में धाकड़ प्रदर्शन किया, रोहित शर्मा ने शानदार फिफ्टी जमाई।

IND vs AUS 1st Test Match: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ नागपुर टेस्ट मैच के पहले दिन का खेल भारतीय टीम के नाम रहा। टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया को 177 रनों के कुल स्कोर पर आउट करने के बाद बल्लेबाजी में हाथ दिखाए। पहले दिन का खेल समाप्त होने तक टीम इंडिया ने 1 विकेट के नुकसान पर 77 रन बनाए। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा और अश्विन नाबाद वापस लौटे। टीम इंडिया की तरफ से गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों में शानदार प्रदर्शन देखने को मिला।

ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज नहीं टिक पाए
टॉस जीतकर पहले खेलते हुए ऑस्ट्रेलियाई टीम के ओपनर बल्लेबाज सस्ते में आउट हो गए। सबसे पहले उस्मान ख्वाजा को सिराज ने आउट कर दिया। इसके बाद शमी ने डेविड वॉर्नर को चलता किया। दोनों ने 1-1 रन बनाया। यहाँ से स्टीव स्मिथ और लाबुशेन मिलकर स्कोर 84 रनों तक लेकर गए। इस समय जडेजा ने उनका काम खराब कर दिया। उन्होंने लाबुशेन (49) और रेनशॉ (0) को लगातार गेंदों पर आउट किया। यहां से स्मिथ 37 और एलेक्स कैरी 36 रन बनाकर आउट हो गए। उनके बाद हैंड्सकोम्ब 31 रन बनाकर आउट हुए और ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी 177 रनों पर सिमट गई।

जडेजा ने की धमाकेदार गेंदबाजी
भारतीय टीम के लिए वापसी कर रहे जडेजा ने धमाकेदार गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए 5 विकेट अपने नाम किये। उनके अलावा अश्विन ने भी 3 विकेट अपने नाम किये। दोनों ने मिलकर ऑस्ट्रेलिया के 8 बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखाई। अश्विन ने अपने टेस्ट करियर के 450 विकेट भी पूरे किये। इस तरह टीम इंडिया के स्पिनरों ने धाकड़ कार्य किया।

रोहित शर्मा ने जमाया अर्धशतक
जवाबी पारी में खेलते हुए भारत के लिए रोहित शर्मा ने तेज बल्लेबाजी की। केएल राहुल उनके साथ क्रीज का एक कोना पकड़कर खड़े रहे। दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए अर्धशतकीय भागीदारी करते हुए भारत को बेहतरीन शुरुआत दिलाई। ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाज नई गेंद के साथ कमाल दिखाने में नाकाम रहे। रोहित शर्मा ने 66 गेंदों का सामना करते हुए अपना 15वां टेस्ट अर्धशतक जमा दिया। इस बेहतरीन भागीदारी को मर्फी ने तोड़ा। राहुल 20 रन बनाकर गेंदबाज को कैच थमाकर चले गए। उनके बाद अश्विन नाईट वॉचमैन के रूप में आए। रोहित ने नाबाद 56 रन बनाए, अश्विन बिना खाता खोले नाबाद लौटे।












Click it and Unblock the Notifications