IND vs AUS: रविन्द्र जडेजा ने 5 विकेट लेकर की धमाकेदार वापसी, ऑस्ट्रेलिया 177 पर आउट
रविन्द्र जडेजा के सामने ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज असहाय दिखे, एक के बाद एक खिलाड़ी आउट होते रहे और टीम 177 पर सिमट गई।

IND vs AUS 1st Test Match: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ नागपुर में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के पहले टेस्ट मैच में टीम इंडिया की तरफ से धमाकेदार गेंदबाजी का प्रदर्शन देखने को मिला। ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज टीम इंडिया की फिरकी के आगे टिक नहीं पाए और एक के बाद एक आउट होते चले गए। कंगारुओं की पहली पारी महज 177 रनों के कुल स्कोर पर समाप्त हो गई। चोट के बाद धमाकेदार वापसी कर रहे रविन्द्र जडेजा ने सबसे ज्यादा विकेट झटके। उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों को अपनी गेंदबाजी पर नचाया।
रविन्द्र जडेजा ने झटके 5 विकेट
रणजी ट्रॉफी से मैदान पर वापस आने वाले जडेजा ने धमाकेदार अंदाज में गेंदबाजी की और पांच विकेट झटके। उन्होंने दूसरे सेशन में लाबुशेन और रेनशॉ को लगातार गेंदों पर आउट किया। इसके बाद जडेजा ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। स्मिथ टिककर खेलने का प्रयास कर रहे थे और वह भी जडेजा की गेंद पर आउट होकर पवेलियन लौट गए। टॉड मर्फी जडेजा का चौथा और पीटर हैंड्सकोम्ब पांचवां शिकार बने। इस तरह भारतीय गेंदबाज ने चोट के बाद धमाकेदार अंदाज में वापसी की।
बिखर गई ऑस्ट्रेलिया की बल्लेबाजी
ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाजों में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी मार्नस लाबुशेन थे। उन्होंने 49 रनों की पारी खेली। उनके अलावा स्मिथ ने 37 और एलेक्स कैरी ने 36 रनों की पारी खेली। पीटर हैंड्सकोम्ब ने भी 31 रनों की पारी खेली। कंगारू गेंदबाज स्पिनरों के सामने असहाय दिखे और अच्छी शुरुआत करने के बाद आउट हो गए। टॉस जीतकर पहले खेलते हुए सबसे पहले वॉर्नर और ख्वाजा 1-1 रन बनाकर आउट हुए। दोनों को क्रमशः शमी और सिराज ने आउट किया। भारत के लिए जडेजा ने 5 और अश्विन ने 3 विकेट झटके।
अश्विन ने बनाया बड़ा रिकॉर्ड
जडेजा के अलावा अश्विन ने भी 3 विकेट लेते हुए धाकड़ खेल का प्रदर्शन किया। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में अपने 450 विकेट पूरे किये। इसके अलावा वह 450 विकेट और 3000 रन बनाने वाले पहले एशियाई क्रिकेटर बन गए। उनसे पहले टेस्ट क्रिकेट में एशिया से किसी अन्य खिलाड़ी ने यह रिकॉर्ड नहीं बनाया। टीम इंडिया में केएस भरत और सूर्यकुमार यादव को इस मैच में टेस्ट डेब्यू करने का मौका मिला।












Click it and Unblock the Notifications