IND vs AUS: रविन्द्र जडेजा ने किया चौंकाने वाला खुलासा, इस रणनीति से टिके ऑस्ट्रेलिया के घुटने
रविन्द्र जडेजा ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टेस्ट मैच की पहली पारी में धाकड़ गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए मेहमान टीम को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया।

IND vs AUS 1st Test: भारत के खिलाफ नागपुर में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के पहले मुकाबले के पहले दिन ऑस्ट्रेलिया की टीम उम्मीद के अनुसार प्रदर्शन नहीं कर पाई। मेहमान टीम पहली पारी में महज 177 रन बनाकर आउट हो गई। भारतीय स्पिनरों के सामने ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज टिक नहीं पाए। रविंद्र जडेजा और रविचंद्रन अश्विन की जोड़ी ने कंगारू बल्लेबाजों को सेट होने का कोई मौका ही नहीं दिया। दोनों गेंदबाजों ने अपनी फिरकी के जाल में मेहमान बल्लेबाजों को फंसाया। जडेजा ने 5 विकेट चटकाए और उन्होंने सफलता के बाद प्रतिक्रिया दी है। (Photos: BCCI/Twiter)

इतने समय बाद टेस्ट खेलना मुश्किल होता है
पहले दिन का खेल समाप्त होने के बाद जडेजा ने कहा कि जिस तरह से मैंने गेंदबाजी की उससे मुझे खुशी है और मैं इसका आनंद उठा रहा था। 5 महीनों के बाद टेस्ट क्रिकेट खेलना मुश्किल होता है। मैं नेशनल क्रिकेट एकेडमी में फिटनेस और स्किल पर काम कर रहा था और कड़ी मेहनत कर रहा था। मैंने काफी समय के बाद एक रणजी मुकाबला खेला और उसमें 42 ओवर की गेंदबाजी की।

प्रयास यही था कि स्टंप में गेंद डालना है
जडेजा ने इस मुकाबले में अपनी गेंदबाजी को लेकर कहा कि गेंद पड़कर घूम रही थी और वही गेंद सीधी भी निकल रही थी। बाउंस ज्यादा नहीं था इसलिए विकेट में डालकर बोल्ड या पगबाधा का प्रयास था. मुझे इससे ही विकेट मिले. बाएं हाथ का स्पिनर होने के नाते आप बल्लेबाज को विकेट के पीछे कैच या स्टंपिंग करवाते हैं तो इसका क्रेडिट गेंद को देते हैं। टेस्ट क्रिकेट में आपको जो भी विकेट मिलता है, खुशी होती है. मैं बेंगलुरु में अपनी गेंदबाजी पर काफी काम कर रहा था। मैं हर दिन 10 से 12 घंटे गेंदबाजी करता था और उससे मुझे काफी मदद मिली। मैं जानता था कि मुझे टेस्ट मैच खेलते हुए लंबे स्पेल करने हैं इसलिए अपनी लय पर भी काम कर रहा था।

ऑस्ट्रेलिया की बल्लेबाजी बिखर गई
गौरतलब है कि टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया की टीम कुछ खास नहीं कर पाई। ऑस्ट्रेलिया की पूरी टीम 177 रन के मामूली स्कोर पर आउट हो गई। उनके लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज मार्नस लाबुशेन थे। भारत के लिए जडेजा ने 5 विकेट हासिल किए और अश्विन भी पीछे नहीं रहे। अश्विन के खाते में 3 विकेट गए। इसके बाद जवाब में खेलते हुए भारत ने दिन का खेल समाप्त होने तक एक विकेट पर 77 रन बनाए रोहित शर्मा ने नाबाद अर्धशतक जड़ा।












Click it and Unblock the Notifications