IND vs AUS: खरगोश की तरह भाग जडेजा ने रोक दिया चौका, फैन्स बोले ऐसा फील्डर नहीं देखा
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में जडेजा गेंद के पीछे बिजली की गति से दौड़ पड़े और चौका नहीं जाने दिया, हर कोई यह देख हैरान रह गया।

IND vs AUS 1st ODI: रविन्द्र जडेजा के खेल और कौशल को लेकर कोई सवाल नहीं उठा सकता। उनकी फील्डिंग, गेंदबाजी और बल्लेबाजी तीनों धाकड़ हैं और टीम इंडिया के लिए वह एक अहम खिलाड़ी हैं। जडेजा जिस जगह फील्ड पर खड़े होते हैं, वहां से रन लेने के बारे में विपक्षी बल्लेबाज कम ही सोचता है। उनके तेज आने वाले थ्रो के सामने हर बल्लेबाज कतराता है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में चल रहे पहले एकदिवसीय मुकाबले के दौरान जडेजा की चुस्ती देखने को मिली। सीमा रेखा की तरफ जा रही गेंद को तेज दौड़ लगाते हुए जडेजा ने रोक लिया। इसके अलावा मार्नस लाबुशेन का कैच भी जडेजा ने धमाकेदार अंदाज में पकड़ा।
रविन्द्र जडेजा ने मिचेल मार्श का एक तगड़ा शॉट पीछे भागते हुए रोक दिया। उन्नीसवां ओवर कुलदीप यादव डाल रहे थे और चौथी गेंद पर मार्श ने कट शॉट लगा दिया। इसके बाद गेंद बैकवर्ड पॉइंट के क्षेत्र से सीमा रेखा की तरफ जाने लगी। इस दौरान जडेजा ने इसके पीछे खरगोश की तरह तेज दौड़ लगाई। वह सीमा रेखा से पहले गेंद को रोकने में सफल रहे और इसे उठाकर वापस फेंक दिया। इस दौरान मिचेल मार्श दो रन लेने में सफल रहे लेकिन जडेजा ने चौका बचा लिया। इस प्रयास को लेकर सोशल मीडिया पर उनकी जमकर तारीफ हुई।
दूसरी बार जडेजा ने एक बार फिर से छलांग लगाते हुए बड़ा कारनामा कर दिया। इस बार उन्होंने मार्नस लाबुशेन को पवेलियन की राह दिखा दी। जडेजा ने डाइव लगाते हुए गेंद को दबोच लिया और लाबुशेन 15 रनों के निजी स्कोर पर आउट होकर पवेलियन लौट गए। मार्श को जडेजा ने खुद की गेंद पर आउट किया। सिराज के हाथों मार्श को उन्होंने 81 रनों के कुल स्कोर पर पवेलियन भेज दिया।
जडेजा की फील्डिंग हर बार चर्चा में रहती है और भारतीय फैन्स उनको ख़ासा पसंद भी करते हैं। बाउंड्री लाइन पर फील्डिंग और मार्नस लाबुशेन का कैच पकड़ने के बाद सोशल मीडिया पर कई बड़ी प्रतिक्रियाएं देखने को मिली। फैन्स ने यहां तक कहा कि वह वर्ल्ड के बेस्ट फील्डर हैं और हमने ऐसा खिलाड़ी नहीं देखा।












Click it and Unblock the Notifications