Vaibhav Suryavanshi ने 24 गेंदों में जड़ दिए 68 रन, IND U19 vs SA U19 मैच में उड़ाए 10 छक्के, किया कमाल
IND U19 vs SA U19, Vaibhav Suryavanshi: दक्षिण अफ्रीका के बेनोनी में खेले जा रहे दूसरे यूथ वनडे मुकाबले में भारतीय अंडर-19 टीम के कप्तान वैभव सूर्यवंशी ने अपनी बल्लेबाजी से वो कोहराम मचाया। बाएं हाथ के इस युवा बल्लेबाज ने दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए मैदान के चारों तरफ छक्कों की ऐसी बारिश की कि विपक्षी टीम बेबस नजर आई।
ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी से जीता दिल (IND U19 vs SA U19, Vaibhav Suryavanshi)
वैभव जब क्रीज पर उतरे तो उनके इरादे पहली ही गेंद से साफ थे। उन्होंने तेज गेंदबाज जेजे बैसॉन की दूसरी और अपनी पारी की पहली ही गेंद पर शानदार छक्का जड़कर अपना खाता खोला। यह शॉट उन्होंने डीप बैकवर्ड प्वाइंट की दिशा में लगाया। इसके बाद जो भी गेंदबाज उनके सामने आया, वैभव ने उसे कड़े सबक सिखाए। उन्होंने अपनी पहली 21 गेंदों के भीतर ही 10 गगनचुंबी छक्के जड़ दिए थे।

महज 19 गेंदों में जड़ा अर्धशतक
वैभव की इस पारी की सबसे हैरान करने वाली बात यह थी कि उन्होंने अपना अर्धशतक केवल 19 गेंदों में पूरा कर लिया। दिलचस्प बात यह है कि जब उन्होंने अपना पचासा पूरा किया, तब उनके स्कोरकार्ड में एक भी चौका शामिल नहीं था। उन्होंने अपनी हाफ सेंचुरी केवल छक्कों और दौड़कर लिए गए रनों की मदद से पूरी की। उनके इस विध्वंसक रूप को देखकर मैदान पर मौजूद दर्शक दंग रह गए।
कुछ देर के लिए रोकना पड़ा खेल
वैभव के प्रहार इतने जोरदार थे कि खेल को कुछ देर के लिए रोकना भी पड़ा। जब उन्होंने पारी का सातवां छक्का जड़ा, तो गेंद स्टेडियम की सीमा लांघकर बाहर चली गई। काफी देर तक गेंद को ढूंढने की कोशिश की गई, लेकिन वह नहीं मिली। अंततः अंपायरों को गेंद बदलनी पड़ी, लेकिन वैभव के तेवर नहीं बदले। नई गेंद आते ही उन्होंने अपना आठवां छक्का जड़कर अपना अर्धशतक पूरा किया।
ऐसे हुआ पारी का अंत
वैभव की इस आतिशी पारी का अंत तेज गेंदबाज क्रूसकैंप ने किया। एक और बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में गेंद उनके बल्ले के ऊपरी हिस्से पर लगकर कवर्स के ऊपर हवा में खड़ी हो गई, जिसे डैनियल बॉसमैन ने लपक लिया। वैभव ने आउट होने से पहले मात्र 24 गेंदों में 68 रन बनाए। उनकी इस पारी में कुल 10 छक्के और महज 1 चौका शामिल रहा, जबकि उनका स्ट्राइक रेट 283.33 का रहा।












Click it and Unblock the Notifications