WTC points table: भारत ने ऑस्ट्रेलिया-इंग्लैंड को पछाड़ा, वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की रैंकिंग में टॉप पर पहुंचा
ICC World Test Championship points table Updated: भारतीय टीम ने डोमिनिका में खेले गए पहले टेस्ट में वेस्टइंडीज को एक पारी और 141 रनों से हराकर सीरीज का आगाज जीत के साथ किया। पहला मैच जीतने के बाद भारत की कोशिश दूसरे टेस्ट को भी अपने नाम कर वेस्टइंडीज के खिलाफ क्लीन स्वीप जीत दर्ज करने की होगी। भारत की इस जीत में यशस्वी जायसवाल और रविचंद्रन अश्विन का सबसे बड़ा योगदान रहा है।
दोनों ही पारियों में फ्लॉप बल्लेबाज: वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों ने इस मैच में बेहद निराशाजनक प्रदर्शन किया है। भारत की 271 रनों बढ़त के आगे वेस्टइंडीज की टीम दूसरी पारी में सिर्फ 130 रनों पर ही ढेर हो गई। वेस्टइंडीज की तरफ से सिर्फ एलिक एथनाज़ ने सबसे अधिक 28 रन बनाने का काम किया। टीम के बाकी बल्लेबाज रन बनाने के लिए जूझते नजर आए।

भारत को मिला पहला प्वाइंट: इसके साथ ही भारतीय टीम वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में अपना पहला अंक लेने में सफल रही है। डोमिनिका टेस्ट में जीत के बाद भारत के नाम अब 12 अंक हो गए हैं। विश्व टेस्ट चैंपियनशिप तालिका में वह मौजूदा समय में टॉप पर है। भारत की कोशिश आने वाले टेस्ट मुकाबलों में अपने इस प्रदर्शन को बरकरार रखने की होगी।
इंग्लैंड-ऑस्ट्रेलिया को पछाड़ा: ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच एशेज सीरीज खेला जा रहा है। ऑस्ट्रेलिया की टीम दो मैच जीतकर इस अंक तालिका में टॉप पर थी, लेकिन अब भारत ने उसे पछाड़ते हुए पहले स्थान पर अपनी जगह बना ली है। एशेज 2023 के तीन टेस्ट मैचों में ऑस्ट्रेलिया को दो जीत और एक हार मिली है। ऑस्ट्रेलिया के 22 अंक है। वहीं, इंग्लैंड के पास 10 अंक हैं, जो कुल अंक का 27.78 फीसदी हैं।
वेस्टइंडीज का नहीं खुला खाता: वेस्टइंडीज को एकमात्र मैच में करारी हार का सामना करना पड़ा है और इस वजह से उनके पास अभी तक कोई अंक नहीं है। आने वाले समय में इस टेबल में कई उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकते हैं। टेस्ट चैंपियनशिप में लगातार शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत के पास एक बार फिर फाइनल में पहुंचने का मौका बन सकता है।












Click it and Unblock the Notifications