Women World Cup: सेमीफाइनल की आस बरकरार, भारत ने बांग्लादेश पर दर्ज की बड़ी जीत
हैमिल्टन, 22 मार्च: महिला वर्ल्ड कप के एक महत्वपूर्ण मुकाबले में भारतीय टीम ने बांग्लादेश को 110 रनों से मात दे दी है। भारत ने पहले बैटिंग करते हुए 50 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 229 रन बनाए थे जिसके जवाब में बांग्लादेशी टीम 40.3 ओवर में केवल 119 रन बनाकर ढेर हो गई। इस तरह से भारत को 110 रनों से भारी-भरकम जीत मिल गई है और टीम इंडिया की अंतिम चार में पहुंचने की उम्मीदें अभी जिंदा हैं।

भारत ने इस जीत में बल्ले से वह कमाल नहीं दिखाया जैसी मंधाना और शैफाली ने शुरुआत की थी लेकिन गेंदबाजी और फिल्डिंग में भारतीय टीम मारक साबित हुई और बांग्लादेश की बैटिंग में अनुभव की कमी साफ दिखाई दी। भारत ने पेसर और स्पिनरों की बढ़िया लय दिखाई। झूलन गोस्वामी ने 2, पूजा वस्त्राकर ने 2 और स्नेह राणा ने 4 विकेट लिए।
स्नेह राणा ने बैटिंग के दौरान भी 23 गेंदों पर 27 रनों की पारी खेली थी। भारतीय बल्लेबाजों को अच्छी शुरुआत मिली जब स्मृति मंधाना और शफली वर्मा ने 74 रनों की तेज ओपनिंग पार्टनरशिप की लेकिन इसी स्कोर पर भारत के 3 विकेट गिर गए और पूरी कहानी पलट गई। मंधाना 51 गेंदों पर 30 रनों की पारी खेलकर नादिया अख्तर का शिकार हुईं। उसके बाद 42 गेंदों में 42 रन बनाकर आउट हुए सैफाली वर्मा के पवेलियन लौटने के बाद भारतीय रनों की रफ्तार भी रुक गई।
मिताली राज इस बार गोल्डन डक का शिकार हुईं। हरमनप्रीत कौर ने 33 गेंदों पर 14 रनों की धीमी पारी खेली और रन आउट हुई। इस दौरान यास्तिका भाटिया एक छोर पर टिककर खेलती रही और निचले क्रम पर उनका साथ विकेटकीपर रिचा घोष ने भी दिया जिन्होंने 36 गेंदों पर 26 रनों की पारी खेली।
भारत की ओर से यास्तिका भाटिया ने 80 गेंदों पर 50 रनों की पारी खेली जबकि बांग्लादेशी गेंदबाजों में रितु मोनी 10 ओवर में 30 रन देकर तीन विकेट लेने में कामयाब रही।
बांग्लादेश की बैटिंग में सर्वोच्च स्कोर सलमा खातूम का रहा जिन्होंने 35 गेंदों पर 32 रनों की पारी खेली। लता मोंडाल ने 46 गेंदों पर 24 रन बनाए। बाकि कोई बल्लेबाज खास नहीं कर सका।
अब भारत को अगला मुकाबला 27 मार्च को साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेलना है। इस जीत के साथ भारतीय टीम 6 मैचों में 6 अंक लेकर तीसरे स्थान पर आ गई है।












Click it and Unblock the Notifications