ICC Women World Cup: जीत की तलाश में वेस्टइंडीज से भिड़ेगी मिताली सेना, जानें किसका पलड़ा रहा है भारी
नई दिल्ली। न्यूजीलैंड में आयोजित हो रहे महिला विश्वकप में शनिवार को भारत की महिला टीम वेस्टइंडीज के खिलाफ खेलने उतरेगी। भारतीय टीम ने कैंपेन का आगाज पाकिस्तान के खिलाफ जीत के साथ किया था जिसके बाद उसका सामना न्यूजीलैंड से हुआ और न्यूजीलैंड के खिलाफ उसे हार का सामना करना पड़ा। अब भारतीय टीम तीसरे मैच में वेस्टइंडीज का सामना करने उतरेगी जिसमें उसे जीत की दरकार होगी। उल्लेखनीय है कि वेस्टइंडीज की महिला टीम ने अपने पहले दोनों मैच में जीत हासिल की है और अपने से मजबूत दो टीमों को हराकर टॉप 2 में जगह बनायी है।

वेस्टइंडीज की टीम ने अपने पहले मैच में न्यूजीलैंड को 3 रन से हराया तो वहीं पर इंग्लैंड के खिलाफ 7 रन से जीत हासिल की। ऐसे में लगातार दो जीत के बाद वेस्टइंडीज की महिला टीम में आत्म-विश्वास भरपूर होगा तो वहीं पर भारतीय टीम भी जीत की राह पर लौटना चाहेगी। यहां से भारतीय टीम को सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिये ज्यादा से ज्यादा मैचों में जीत की दरकार है। आइये एक नजर दोनों टीमों के हेड टू हेड रिकॉर्ड पर डालकर यह समझने की कोशिश करते हैं कि किस टीम का पलड़ा भारी रहने वाला है।
और पढ़ें: IND vs SL: पिंक बॉल टेस्ट से पहले क्यों रिलीज किये गये कुलदीप यादव, बुमराह ने अब किया खुलासा

जानें किस टीम का पलड़ा है भारी
सीमित ओवर्स प्रारूप में भारत और वेस्टइंडीज की महिला टीमों के बीच 25 वनडे खेले जा चुके हैं जिसमें से 20 मैचों में भारत ने जीत हासिल की है, वहीं पर 5 मैचों में वेस्टइंडीज की टीम ने बाजी मारी है। यही हाल विश्वकप के मैचों में भी है जहां पर भारतीय टीम का पलड़ा भारी नजर आता है। भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ इस टूर्नामेंट में खेले गये पिछले 6 मैचों में जीत ही हासिल की है।

आखिरी भिड़ंत में क्या हुआ था
आखिरी बार जब दोनों टीमों की भिड़ंत 2017 के विश्वकप में हुई थी तो भारतीय टीम ने शुरुआत से ही मैच में अपना दबदबा बरकरार रखा था। वेस्टइंडीज की टीम इस मैच में ज्यादा कुछ कर नहीं सकी और पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर्स में 8 विकेट खोकर 183 रन ही बना सकी। जवाब में भारतीय टीम ने स्मृति मंधाना की शतकीय पारी के दम पर स्कोर को आसानी से चेज कर लिया और 7 विकेट से जीत हासिल की। भारतीय टीम के लिये स्मृति मंधाना ने 108 गेंदों का सामना कर नाबाद 106 रन बनाये थे।

सबसे ज्यादा किसका चला है बल्ला/गेंद
दोनों टीमों के बीच सबसे बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले बैटर की बात करें तो मिताली राज का नाम सबसे ऊपर आता है जिन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ 696 रन बनाये हैं। वहीं पर दूसरे नंबर पर वेस्टइंडीज की स्टेफनी टेलर का नाम काबिज है जिन्होंने 614 रन बनाये हैं। टॉप 3 बल्लेबाजों की बात करें अंजू जैन इस फेहरिस्त में 366 रन के साथ तीसरे पायदान पर काबिज हैं। वेस्टइंडीज की बॉलर अनिसा मोहम्मद दोनों टीमों के बीच सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाली गेंदबाज हैं, जबकि झूलन गोस्वामी 19 विकेट के साथ दूसरे पायदान पर काबिज हैं। इस फेहरिस्त में भारत की नीतू डेविड वेस्टइंडीज की स्टेफनी टेलर के साथ तीसरे पायदान पर संयुक्त रूप से काबिज हैं। दोनों के खाते में 18 विकेट हैं।












Click it and Unblock the Notifications