U19 WC 2022: क्वार्टरफाइनल मैच से पहले भारत को लगा बड़ा झटका, चोटिल हुआ यह दिग्गज खिलाड़ी

नई दिल्ली। वेस्टइंडीज की मेजबानी में खेले जा रहे अंडर-19 विश्वकप 2022 के समीफाइनल मैचों के लिये 3 टीमें तय हो चुकी हैं, जबकि चौथी टीम के लिये शनिवार को भारत और बांग्लादेश की टीमों के बीच चौथा क्वार्टर फाइनल मैच खेला जायेगा। जहां पर इंग्लैंड, अफगानिस्तान और ऑस्ट्रेलिया की टीमों ने अपने-अपने सेमीफाइनल मैचों में पहले ही जीत हासिल कर ली है तो वहीं भारत को चौथे क्वार्टरफाइनल मुकाबले में बांग्लादेश से एटिगुआ के कूलिज क्रिकेट ग्राउंड पर भिड़ना है। उल्लेखनीय है कि इंग्लैंड की टीम ने अपने क्वार्टरफाइनल मैच में साउथ अफ्रीका को हराया था तो वहीं पर अफगानिस्तान की टीम ने श्रीलंका पर 4 रनों की रोमांचक जीत हासिल की, जिसके बाद इंग्लैंड और अफगानिस्तान की टीमें अब पहले सेमीफाइनल मैच में एक दूसरे से भिड़ेंगी।
और पढ़ें: U19 WC 2022: सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है युगांडा के इस बॉलर का वीडियो, याद आ रहे अश्विन
वहीं पर शुक्रवार को खेले गये तीसरे क्वार्टरफाइनल मैच में ऑस्ट्रेलिया की टीम ने पाकिस्तान को 119 रनों से मात देकर दूसरे सेमीफाइनल में जगह पक्की की और अब उसका सामना भारत और बांग्लादेश के बीच खेले जाने वाले मैच के विजेता से होगा। शनिवार को खेले जाने वाले इस बड़े मुकाबले से पहले भारतीय खेमे को बड़ा झटका लगा है।
और पढ़ें: U19 WC 2022: पाकिस्तान को रौंद कर सेमीफाइनल में पहुंची ऑस्ट्रेलिया, 119 रनों से जीता मैच

वसु वत्स को हुई हैमस्ट्रिंग इंजरी, यह खिलाड़ी करेगा
भारतीय टीम के हरफनमौला खिलाड़ी वसु वत्स को इस क्वार्टरफाइनल मैच से पहले हैमस्ट्रिंग की इंजरी हो गई है, जिसकी वजह से वह बांग्लादेश के खिलाफ खेले जाने वाले चौथे क्वार्टरफाइनल मैच से बाहर हो गये हैं। इसको देखते हुए बीसीसीआई ने बल्लेबाज आराध्य यादव को बतौर रिप्लेसमेंट उनकी जगह शामिल करने की मांग की थी और अब उसे आईसीसी की तकनीकी समिति की ओर से हरी झंडी मिल गई है। आईसीसी ने शनिवार को एक प्रेस रिलीज जारी कर इस बात की जानकारी दी।
आईसीसी ने कहा,'वसु वत्स को हैमस्ट्रिंग इंजरी हुई है और वो अब इस टूर्नामेंट में आगे खेल पाने में असमर्थ रहेंगे। ऐसे में उनके रिप्लेसमेंट को टीम से जोड़ने के लिये आईसीसी की तकनीकी समिति की मंजूरी लेना जरूरी है। क्रिस टेटली, बेन लीव, फवाज बख्श, रोलैंड होल्डर, एलन विल्किंस और रसेल आर्नोल्ड से सुसज्जित आईसीसी की टेक्निकल कमिटि ने आराध्य यादव को उनकी जगह खेलने की मंजूरी दे दी है।'

कोरोना से उबर रहे हैं भारत के 6 खिलाड़ी
गौरतलब है कि भारतीय टीम के कप्तान यश ढुल समेत 6 खिलाड़ियों को पहले मैच के बाद कोरोना वायरस ने अपनी चपेट में लिया जिसके बाद से वो क्वारंटीन में अपना वक्त गुजार रहे हैं। हालांकि टीम के आधा दर्जन खिलाड़ियों के कोरोना संक्रमित होने के बावजूद निशांत संधु की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने बचे हुए दोनों मैचों में एकतरफा जीत हासिल की और क्वार्टरफाइनल में जगह बना ली। इस बीच बीसीसीआई ने भी अपनी टीम की मदद के लिये 5 अतिरिक्त खिलाड़ियों को दौरे पर भेज दिया है, ताकि भारतीय टीम इस टूर्नामेंट को जीतने में किसी तरह से पीछे न रह जाये।

2020 के फाइनल का बदला लेने उतरेगा भारत
आपको बता दें कि जब भारत की अंडर 19 टीम शनिवार को बांग्लादेश के खिलाफ तीसरे क्वार्टरफाइनल मैच में खेलने उतरेगी तो उसकी नजर 2020 में खेले गये अंडर 19 विश्वकप फाइनल की हार का बदला लेने पर होगी। बांग्लादेश की टीम इस टूर्नामेंट में डिफेंडिंग चैम्पियन के रूप में खेल रही है, जिसने पिछले विश्वकप फाइनल में भारत को ही हराकर अपना पहला आईसीसी विश्वकप जीता था। भारत और बांग्लादेश की टीम के बीच खेला जाने वाला यह नॉकआउट मैच शनिवार को शाम 6:30 बजे (भारतीय समयानुसार) से स्टार स्पोर्टस और हॉटस्टार पर लाइव प्रसारित किया जायेगा।












Click it and Unblock the Notifications