ICC T20 Rankings में सूर्यकुमार यादव ने हासिल किए करियर बेस्ट पॉइंट, हसरंगा बने नंबर 1 बॉलर
आईसीसी टी20 रैंकिंग्स (ICC T20I Rankings) में भारत के सूर्यकुमार यादव का जलवा बरकरार है क्योंकि वे मौजूदा टी20 वर्ल्ड कप में शानदार फॉर्म में हैं। यादव ने जिंबाब्वे के खिलाफ 25 गेंदों पर नाबाद 61 रनों की पारी खेल दी जिसके चलते वे ना केवल टॉप पर बने हुए हैं बल्कि पूर्व नंबर एक बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान से 39 अंक की बढ़त पर हैं। यादव के इस समय करियर बेस्ट 869 पॉइंट हो चुके हैं। फिलहाल वे जिस तरह की फॉर्म से गुजर रहे हैं उसको देखते हुए इसमें और भी इजाफा हो जाए तो हैरानी नहीं होगी। सूर्यकुमार यादव के सामने अभी एक बड़ा सेमीफाइनल मुकाबला है जो 10 नवंबर को इंग्लैंड के खिलाफ खेला जाना है।

केएल राहुल को भी फायदा मिला
वहीं नंबर तीन पर कीवी बल्लेबाज डेवोन कोन्वे हैं जो यादव से 90 अंक पीछ हैं। पाकिस्तान के कप्तान बाबर नंबर चार पर हैं। बल्लेबाजी रैंकिंग में श्रीलंका के पथुम निसानका इंग्लैंड के खिलाफ 67 रन बनाकर 10वें स्थान पर पहुंच गए हैं। न्यूजीलैंड के फिन एलन छह पायदान के फायदे से 15वें स्थान पर पहुंच गए हैं, जबकि भारत के बल्लेबाज लोकेश राहुल बांग्लादेश और जिम्बाब्वे के खिलाफ अर्धशतकों से पांच पायदान के फायदे से 16वें स्थान पर पहुंच गए हैं।
Recommended Video

वानिंदु हसरंगा ने नंबर 1 स्थान हासिल कर लिया
बांग्लादेश के लिटन दास (पांच पायदान के फायदे से 31वें) और ऑस्ट्रेलिया के ग्लेन मैक्सवेल (सात पायदान के फायदे से 33वें) पर हैं जबकि इंग्लैंड के एलेक्स हेल्स श्रीलंका के खिलाफ 47 रन बनाकर 36 पायदान के फायदे से 34वें स्थान पर पहुंच गए हैं।
वहीं गेंदबाजी में श्रीलंका के स्पिनर वानिंदु हसरंगा ने नंबर 1 स्थान हासिल कर लिया है। टी 20 विश्व कप में हसरंगा ने इंग्लैंड के खिलाफ 23 रन देकर दो विकेट लिए और टूर्नामेंट में 15 विकेट लिए जिसके चलते उनको अफगानिस्तान के एक और लेग स्पिनर राशिद खान से आगे निकलने में मदद मिली। हसरंगा ने पिछले साल संयुक्त अरब अमीरात में हुए टी20 वर्ल्ड कप के बाद से पहली बार टॉप स्थान हासिल किया है।

अर्शदीप सिंह ने भी महत्वपूर्ण बढ़त हासिल की
बाएं हाथ के तेज गेंदबाजों में पाकिस्तान के शाहीन शाह अफरीदी और भारत के अर्शदीप सिंह ने भी महत्वपूर्ण बढ़त हासिल की है। दक्षिण अफ्रीका और बांग्लादेश के खिलाफ कुल सात विकेट लेकर शाहीन 20 पायदान की छलांग लगाकर 22वें स्थान पर पहुंच गए हैं। अर्शदीप शाहीन से एक स्थान पीछे करियर के सर्वश्रेष्ठ 23वें स्थान पर हैं, जिन्होंने चार स्थान की जंप हासिल की है।
वहीं, जिम्बाब्वे के सिकंदर रजा एक बेहद सफल टूर्नामेंट के बाद ऑलराउंडरों की रैंकिंग में करियर के सर्वश्रेष्ठ चौथे स्थान को हासिल करने के लिए दो पायदान ऊपर चढ़ गए हैं, जिसमें उन्होंने 219 रन बनाए और 10 विकेट लिए।












Click it and Unblock the Notifications