World Test Championship के नियमों में होगा बड़ा बदलाव! बड़े अंतर से मैच जीतने वाली टीम को मिलेंगे बोनस प्वाइंट
अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के लिए एक नई बोनस प्वाइंट सिस्टम पर विचार कर रही है। इस प्रस्ताव पर अप्रैल में होने वाली बोर्ड मीटिंग में चर्चा की जाएगी, जिसका उद्देश्य महत्वपूर्ण जीत के लिए टीमों को पुरस्कृत करना है। खासकर विदेशों में हासिल की गई जीत के लिए।
2025 से 2027 तक का आगामी WTC चक्र जून में इंग्लैंड के खिलाफ भारत की पांच मैचों की टेस्ट सीरीज से शुरू होगा। वर्तमान में टीमों को किसी भी जीत के लिए 12 अंक मिलते हैं, चाहे अंतर कुछ भी हो, बराबरी के लिए छह अंक और ड्रॉ के लिए चार अंक मिलते हैं।

बड़े अंतर से जीतने पर मिलेंगे बोनस प्वाइंट
हालांकि, पारी की जीत या 100 से अधिक रन जैसे बड़े अंतर से जीत के लिए बोनस अंक देने की बात चल रही है। ICC चर्चाओं से जुड़े एक सूत्र ने बताया कि WTC की शुरुआत से ही इस विषय पर विचार किया जा रहा है।
बोनस अंक और विदेशी जीत
भारत, ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड जैसी टॉप रैंकिंग वाली टीमों के खिलाफ जीत के लिए अतिरिक्त अंक देने के विचार पर भी विचार किया जा रहा है। नाम न बताने की शर्त पर एक पूर्व भारतीय खिलाड़ी ने कहा कि, 'हां, अगर ऐसा होता है तो यह एक अच्छा कदम है। टीमें परिणाम के लिए और अधिक प्रेरित होंगी, क्योंकि हम कुछ रोमांचक खेल देख सकते हैं।'
विदेशी धरती पर जीत के लिए एक्स्ट्रा प्वाइंट
इसके अलावा ICC विदेशी धरती पर जीत के लिए एक्स्ट्रा प्वाइंट देने पर विचार कर रहा है। इससे छोटी टीमों को विदेशी धरती पर बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहन मिल सकता है। एक पूर्व खिलाड़ी ने कहा कि पिछले साल भारत पर न्यूजीलैंड की जीत ऐतिहासिक थी, लेकिन इससे उन्हें अतिरिक्त अंक नहीं मिले। संभावित बदलाव से अतिरिक्त प्रोत्साहन मिलेगा।












Click it and Unblock the Notifications