Champions Trophy में भारत का धांसू रिकॉर्ड, इन 5 टीमों से कभी नहीं मिली है हार, क्या फिर से होगा कमाल?
Champions Trophy Indian Team Records: 8 साल बाद आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी एक बार फिर वापस आ रही है। इस बार पाकिस्तान की टीम इस टूर्नामेंट का आयोजन कर रही है। यह टूर्नामेंट क्रिकेट फैंस के लिए एक बड़ा इवेंट होने वाला है, खासकर भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मुकाबले पर सभी की नजरें बनी हुई है। भारत ने चैंपियंस ट्रॉफी को दो बार जीतने में कामयाबी हासिल की है।
भारत ने दो बार जीता है खिताब (Champions Trophy Indian Team Records)
सौरव गांगुली के नेतृत्व में 2002 में और महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में 2013 में भारत ने इस टूर्नामेंट पर कब्जा जमाया है। भारत ने बारिश से प्रभावित फाइनल में इंग्लैंड को हराकर चैंपियंस ट्रॉफी 2013 जीती थी। 20 ओवर तक सीमित किए गए इस मुकाबले में भारत ने 129/7 का स्कोर बनाया। इसके बाद टीम ने रोमांचक मुकाबले में सफलतापूर्वक इस स्कोर का बचाव किया और चार रन से जीत हासिल की। भारत ने 2002 में चैंपियंस ट्रॉफी भी जीती थी, जब वे श्रीलंका के साथ संयुक्त विजेता थे।

इन टीमों से होगा भारत का सामना
चैंपियंस ट्रॉफी में भारत को ग्रुप ए में बांग्लादेश, पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के साथ रखा गया है। भारतीय टीम 20 फरवरी को बांग्लादेश के खिलाफ अपना मैच खेलेगी और टीम ने टूर्नामेंट के इतिहास में बांग्ला टाइगर्स के खिलाफ सिर्फ एक मैच खेला है। साल 2017 के संस्करण में जब दोनों टीमें आमने-सामने हुई थीं, तब भारतीय टीम ने बांग्लादेश के खिलाफ मैच जीता था।
पाकिस्तान के खिलाफ ऐसा है रिकॉर्ड
पाकिस्तान के खिलाफ भारत ने पांच मैच खेले हैं। इनमें से दो मैच भारतीय टीम ने जीते जबकि तीन मैच भारतीय टीम हार गई। दोनों टीमों के बीच आखिरी मुकाबला चैंपियंस ट्रॉफी 2017 के फाइनल में हुआ था, जहां पाकिस्तान ने भारत को 180 रनों से हराया था। भारतीय टीम पाकिस्तान के खिलाफ अपनी जीत की संख्या में एक और जीत जोड़ने की कोशिश करेगी।
इन टीमों के खिलाफ नहीं मिली है हार
साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, बांग्लादेश, जिम्बाब्वे और केन्या के खिलाफ भारत को कभी भी इस टूर्नामेंट में हार नहीं मिली है। इन पांच टीमों के खिलाफ भारतीय टीम का रिकॉर्ड धांसू रहा है। हालांकि, भारतीय टीम के ग्रुप में सिर्फ बांग्लादेश की टीम इस बार शामिल है। बांग्लादेश के खिलाफ भारत को अपना पहला मुकाबला 20 फरवरी को खेलना है।












Click it and Unblock the Notifications