बांग्लादेश टीम ने रचा इतिहास, वनडे क्रिकेट में बनाया अपना सबसे बड़ा स्कोर
बांग्लादेश ने अपना पिछला रिकॉर्ड तोड़ते हुए वनडे क्रिकेट में सर्वाधिक स्कोर हासिल कर लिया, शाकिब अल हसन ने बेहतरीन प्रदर्शन किया।

Bangladesh Cricket Team Record in ODI format: बांग्लादेश ने वनडे क्रिकेट में एक नया इतिहास रच दिया। एकदिवसीय क्रिकेट में अब तक का सबसे बड़ा स्कोर बनाते हुए अपना पिछला रिकॉर्ड तोड़ दिया। आयरलैंड के खिलाफ पहले एकदिवसीय मुकाबले में खेलते हुए बांग्लादेश ने 8 विकेट पर 338 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा कर दिया। इसके बाद आयरलैंड को 155 रनों के मामूली स्कोर पर आउट करते हुए बांग्लादेश ने 183 रनों से एक बड़ी जीत हासिल की और तीन मैचों की सीरीज में 1-0 से बढ़त हासिल कर ली।
टॉस जीतकर आयरलैंड ने पहले गेंदबाजी करना का निर्णय लिया और बांग्लादेश के ओपनर तमीम इकबाल को 3 रन के निजी स्कोर पर आउट कर दिया। इसके बाद लिटन दास भी 26 रन बनाकर आउट हो गए। यहाँ से नजमुल हसन ने अच्छी शुरुआत की लेकिन 25 के निजी स्कोर पर चलते बने। शाकिब अल हसन ने क्रीज पर टिककर बल्लेबाजी करते हुए तोहिद हृदोय के साथ मिलकर एक बड़ी शतकीय भागीदारी की। इसके बाद शाकिब अल हसन 93 के निजी स्कोर पर आउट हो गए। तोहिद हृदोय ने भी 92 रन बनाये। अंत में मुशफिकुर रहीम ने धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए 26 गेंदों में 44 रन बनाये और बांग्लादेश को 8 विकेट पर 338 रन तक पहुंचा दिया। ग्राहम ह्यूम ने आयरलैंड के लिए 4 विकेट झटके।
जवाब में खेलते हुए आयरलैंड के ओपनर स्टीफन डोहेनी और पॉल स्टर्लिंग ने बेहतरीन शुरुआत की और पहले विकेट के लिए 60 रन जोड़े। इसके बाद स्टीफ़न 34 रन बनाकर आउट हो गए। पॉल स्टर्लिंग भी 22 के निजी स्कोर पर चलते बने। यहां से एक के बाद एक कई विकेट गिरे। जॉर्ज डॉकरेल ही ऐसे बल्लेबाज थे जो 45 रनों की पारी खेलने में सफल रहे। अन्य बल्लेबाज फ्लॉप रहे। आयरलैंड के टीम 30.5 ओवरों में 155 के मामूली स्कोर पर सिमट गई। इबादत होसैन ने बांग्लादेश के लिए 4 विकेट झटके। उनके अलावा नसुम अहमद को 3 विकेट मिले। तोहिद हृदोय को प्लेयर ऑफ़ द मैच चुना गया।












Click it and Unblock the Notifications