Harmanpreet Kaur ने दर्ज कराया खास रिकॉर्ड लिस्ट में अपना नाम, मिताली राज का किया पीछा
Harmanpreet Kaur: वेस्टइंडीज के खिलाफ एकदिवसीय सीरीज के पहले ही मुकाबले में टीम इंडिया ने धाकड़ खेल का प्रदर्शन किया और बड़ा स्कोर खड़ा कर दिया। भारतीय टीम के लिए ओपनर बल्लेबाज स्मृति मंधाना का बल्ला चला। दुर्भाग्य से वह अपना शतक पूरा नहीं कर पाईं।
कप्तान हरमनप्रीत कौर का बल्ला ज्यादा तो नहीं चल पाया लेकिन एक खास क्लब में उन्होंने अपना नाम जरूर शामिल करा लिया। हरमनप्रीत कौर ने एक खास लिस्ट में मिताली राज के साथ अपना नाम दर्ज कराया। वह ऐसा करने वाली महज दूसरी भारतीय महिला खिलाड़ी हैं।

Harmanpreet Kaur का खास कीर्तिमान
एकदिवसीय क्रिकेट में बतौर महिला कप्तान एक हजार रन पूरे करने के मामले में कौर का दूसरा स्थान है। पहला नम्बर दिग्गज खिलाड़ी मिताली राज का है। इससे पहले टी20 सीरीज के अंतिम दो मैचों में हरमनप्रीत कौर नहीं खेल पाई थीं। फिटनेस समस्याओं की वजह से ऐसा हुआ था।
Harmanpreet Kaur ने की धांसू शुरुआत
विंडीज के खिलाफ मैच में कौर ने शुरुआत तूफानी अंदाज में की लेकिन वह लम्बी पारी खेलने में नाकाम रहीं। उन्होंने 23 गेंदों का सामना करते हुए 3 चौकों और 1 छक्के से 34 रन बनाए। बतौर महिला कप्तान एक हजार रन बनाने के मामले में मिताली राज काफी आगे हैं। हरमन के लिए उस आंकड़े को पार कर पाना शायद मुश्किल होगा।
मिताली इस मामले में आगे
मिताली ने 5319 रन बतौर कप्तान रहते बनाए हैं। मिताली रिटायर हो गई हैं लेकिन हरमन पिछले 15 सालों से टीम इंडिया के लिए खेल रही हैं और उनकी उम्र 36 वर्ष है। आने वाले कुछ सालों तक वह टीम इंडिया के लिए और खेलेंगी।
भारत ने बनाया बड़ा स्कोर
उधर स्मृति मंधाना अपना शतक बनाने से चूक गईं। उन्होंने 102 गेंदों का सामना करते हुए 91 रन की पारी खेली। अपने डेब्यू मैच में 20 साल की प्रतीका रावल ने 40 रनों की पारी खेली। हरलीन देओल ने 44 रन बनाए। निचले क्रम से ऋचा घोष ने 26 रन बनाते हुए टीम इंडिया को 9 विकेट पर 314 रनों के कुल स्कोर तक पहुंचा दिया।












Click it and Unblock the Notifications