WTC Final में जीत का दावा करने वालों की हरभजन सिंह ने खोली पोल, बोले- नकली है टीम इंडिया का कॉन्फिडेंस
विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टीम इंडिया की हार के बाद हरभजन सिंह ने भारत में अत्यधिक स्पिन-अनुकूल पिचों पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि आपको पांच दिन मेहनत करके बड़े मैच की आदत डालनी होगी।
WTC Final 2023: वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टीम इंडिया को पूरी उम्मीद दी थी कि वो ट्रॉफी लेकर ही लौटेंगे। खिलाड़ियों में आत्मविश्वास की कोई कमी नहीं थी, मोहम्मद शमी ने तो यहां तक कह दिया था कि 100 प्रतिशत हर किसी को भरोसा है कि हम ये मैच जीतेंगे, लेकिन आगे क्या हुआ वो सभी को पता है। इस बीच अब पूर्व भारतीय स्पिनर हरभजन सिंह ने टीम इंडिया के इस आत्मविश्वास को फेक कॉन्फिडेंस बताया है।
द ओवल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत की हार के बाद हरभजन सिंह ने भारत में अत्यधिक स्पिन फ्रेंडली पिचों पर सवाल उठाए हैं और बताया है कि कैसे बड़े मैचों के लिए भारत की तैयारी को प्रभावित करता है।

द ओवल में फाइनल में भारत के खिलाफ 209 रनों से आईसीसी विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप खिताब जीतने के बाद ऑस्ट्रेलिया ने सभी फॉर्मेट में आईसीसी ट्राफियां जीतकर इतिहास रच दिया। पांच दिनों तक भारत पर हावी रहने के बाद ऑस्ट्रेलिया ने रविवार को लंदन में अपना पहला विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2023 का खिताब हासिल किया।
हरभजन ने कहा कि स्पिन की मददगार भारतीय पिचों पर सिर्फ तीन दिन के अंदर टेस्ट मैच खत्म करके भारत खुद को बड़े मुकाबलों के लिए पूरी तरह से तैयार नहीं कर सकता और उन्हें पूरे पांच दिन कड़ी मेहनत करने की जरूरत है, और इसे अपनी आदत बना लेना चाहिए।
मैच के बाद स्टार स्पोर्ट्स पर हरभजन ने कहा, 'आप खराब पिचों पर मैच खेलने और जीतने के बाद खुद को वह नकली आत्मविश्वास नहीं दे सकते, जहां गेंद पहली गेंद से घूमने लगती है। आपको पांच दिनों तक कड़ी मेहनत करने की आदत डालनी होगी। तेज गेंदबाजों को इन पिचों पर ज्यादा गेंदबाजी करने का मौका नहीं मिलता है, पहले ओवर से ही स्पिनरों का इस्तेमाल किया जाता है। हमें बहुत सी चीजों में सुधार करना चाहिए।'
इस साल की शुरुआत में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हाल ही में समाप्त हुई बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में स्पिन गेंदबाज काफी सफल साबित हुए थे और चार में से तीन टेस्ट तीन दिनों में समाप्त हुए। इस दौरान रविचंद्रन अश्विन (25 विकेट), रवींद्र जडेजा (22) और नाथन लियोन (22) ने सबसे अधिक विकेट लिए। हालांकि, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इंडियन टीम में अश्विन को प्लेइंग-11 में जगह न देने पर कप्तान रोहित शर्मा की काफी आलोचना हुई।












Click it and Unblock the Notifications