कभी सड़कों से कूड़ा उठाकर होता था परिवार का गुजारा, आज है 377 करोड़ का मालिक ये खिलाड़ी
Happy Birthday Chris Gayle: वेस्टइंडीज के पूर्व खिलाड़ी और 'यूनिवर्स बॉस' के नाम से मशहूर क्रिस गेल आज अपना 45वां जन्मदिन मना रहे हैं। क्रिस गेल को सामने देखकर अच्छे-अच्छे गेंदबाज अपना लाइन और लेंथ भुल जाया करते थे। वेस्टइंडीज के इस ताबड़तोड़ बल्लेबाज का जन्म 21 सितंबर 1979 को जमैका के किंगस्टन में हुआ था। क्रिस गेल ने वेस्टइंडीज के लिए 483 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं और इस दौरान उन्होंने टीम को कई यादगार जीत दिलाई है।
क्रिस गेल ने क्रिकेट पर छोड़ी अपनी छाप
अपने क्रिकेट करियर में क्रिस गेल ने सभी फॉर्मेट में कई रिकॉर्ड अपने नाम किया। जिसमें टेस्ट में तिहरा शतक समेत वनडे में दोहरा शतक और टी-20 में लगाए गए कई शतक शामिल है। क्रिकेट के मैदान पर गेल की उपलब्धियां अनगिनत हैं। वेस्टइंडीज के लिए सबसे ज़्यादा अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले खिलाड़ी क्रिस गेल ही हैं। टी-20 फॉर्मेट की बात करें तो इस फॉर्मेट में गेल ने 14,000 से ज़्यादा रन बनाए हैं और 1,000 से ज़्यादा छक्के लगाए हैं।

वनडे क्रिकेट में दोहरा शतक बनाने वाले पहले बल्लेबाज़
इसके अलावा वह वनडे क्रिकेट में दोहरा शतक बनाने वाले पहले बल्लेबाज़ थे, विश्व कप में ज़िम्बाब्वे के खिलाफ़ 215 रनों की शानदार पारी खेलकर क्रिस गेल ने यह कारनामा किया था। 1999 में अपने इंटरनेशनल करियर की शुरुआत करने वाले गेल ने सभी फॉर्मेट में वेस्टइंडीज का प्रतिनिधित्व किया है, जिसमें 103 टेस्ट, 301 वनडे और 79 टी20 मैच खेले हैं। अपने पूरे करियर के दौरान उन्होंने 42 शतकों सहित 19,593 रन बनाए, जिससे क्रिकेट के दिग्गज के रूप में उनकी स्थिति मजबूत हुई।
गरीबी और संघर्ष से भरी है कहानी
क्रिस गेल की कहानी गरीबी से निकलकर दुनिया के सबसे अमीर क्रिकेटरों में से एक बनने की है। अपने शुरुआती दिनों में क्रिस गेल को बहुत ज़्यादा आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ा था। यहां तक कि उन्हें अपने परिवार का पेट पालने के लिए प्लास्टिक की बोतलें इकट्ठी करके बेचनी पड़ीं। इस दौरान वह एक झोपड़ी में रहा करते थे। क्रिस गेल ने अपने जीवन के इस संघर्ष की कहानी एक इंटरव्यू में बताया था। क्रिस गेल के मुताबिक उनकी मां परिवार को सपोर्ट करने के लिए चिप्स बेचा करती थीं।
भूख के कारण करनी पड़ी थी चोरी
बुनियादी जरूरतों के लिए संघर्ष करने और बचपन में भयंकर गरीबी का सामना करने के बावजूद क्रिस गेल ने हिम्मत नहीं हारी। जहां एक समय भूख के कारण उन्हें चोरी करनी पड़ी थी, वहीं अब वो गरीबों का पेट भरने का काम करते हैं। आज क्रिस गेल अपनी फैमिली के साथ एक शानदार जीवन जी रहे हैं। उनकी कुल संपत्ति लगभग 377 करोड़ रुपये है। कचरा बीनने वाले से लेकर क्रिकेट के सुपरस्टार बनने तक का उनका सफ़र कई लोगों के लिए प्रेरणा देने का काम करती है।












Click it and Unblock the Notifications