हार्दिक को वो रन लेना चाहिए था, नॉन-स्ट्राइकर पर डीके थे, नेहरा नहीं था- GT के कोच ने उड़ाया मजाक
नई दिल्ली, 10 जून: भारत के पूर्व तेज गेंदबाज और गुजरात टाइटंस के मुख्य कोच आशीष नेहरा ने दिनेश कार्तिक को लेकर हार्दिक पांड्या के फैसले पर बात की है। गुरुवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टी 20 में भारत की पारी के अंतिम ओवर में को कार्तिक को स्ट्राइक वापस नहीं देने के हार्दिक पांड्या के फैसले ने काफी लोगों को चौंकाया था। नेहरा ने इस बात पर अच्छा मजाक करते हुए हार्दिक को नसीहत भी दी। हार्दिक ने अंतिम ओवर की पांचवी गेंद पर एक भी रन लेने से इनकार कर दिया और कार्तिक को नॉन-स्ट्राइकर एंड पर लौटने के लिए कहा।

हार्दिक ने कार्तिक को स्ट्राइक पर आने से मना कर दिया
हार्दिक 5 मैचों की श्रृंखला में भारत के उप-कप्तान हैं। उन्होंने सिर्फ 12 गेंदों में 31 रन बनाए, लेकिन जिस तरह से उन्होंने कार्तिक को स्ट्राइक पर आने से मना कर दिया उसको लेकर काफी बातें हो रही हैं।
3 साल के अंतराल के बाद भारतीय टीम में वापसी करने वाले कार्तिक को केवल 2 गेंदों का सामना करना पड़ा। जाहिर है डीके के पास करने के लिए ज्यादा कुछ नहीं था।

हार्दिक को एक सिंगल लेना चाहिए था
नेहरा ने इस पर कहा है कि हार्दिक को एक सिंगल लेना चाहिए था क्योंकि दूसरे छोर पर एक हिटिंग बल्लेबाज था, ना की नेहरा जैसा कोई गेंदबाज। क्रिकबज पर बातचीत के दौरान नेहरा ने मजाक किया, "उसे उस अंतिम ओवर में सिंगल लेना चाहिए था। दूसरे छोर पर दिनेश कार्तिक थे, यह मैं नहीं था।"

किसी भी फॉर्मेट में कोई भी रोल अदा कर सकते हैं पांड्या
इसके अलावा, गुजरात टाइटन्स के मुख्य कोच ने टी 20 क्रिकेट में भारत के लिए फिनिशर की भूमिका में वापस आने के लिए हार्दिक की प्रशंसा की। टी20 विश्व कप के बाद भारत के लिए हार्दिक का यह पहला मैच था क्योंकि ऑलराउंडर ने लंबे समय से पीठ की चोट से उबरने के लिए ब्रेक लिया था।
हार्दिक ने 3 छक्के और 2 चौके लगाए और खुद को फिनिशर के रोल पर भी ढाल लिया। नेहरा ने कहा कि हार्दिक अपनी क्षमता और बल्लेबाजी कौशल में सुधार के लिए किए गए काम के कारण किसी भी फॉर्मेट में कोई भी रोल अदा कर सकते हैं।

हार्दिक एक ऐसे एक्टर हैं जो किसी भी भूमिका को निभा सकते हैं
नेहरा ने मजाक में कहा, "हार्दिक पांड्या एक ऐसे एक्टर हैं जो किसी भी भूमिका को निभा सकते हैं। चाहे वह हीरो हो या विलेन। यदि आप चाहते हैं कि वह नायिका की भूमिका निभाए, तो वह ऐसा भी कर सकते हैं, क्योंकि उनके पास किसी भी भूमिका में बल्लेबाजी करने की क्षमता और खेल है। "
"न केवल टी 20 क्रिकेट में बल्कि 50 ओवर के प्रारूप और टेस्ट क्रिकेट में भी। उनकी बल्लेबाजी में अविश्वसनीय क्षमता है। वह नंबर 4 और नंबर 3 पर भी रन बना सकते हैं। हार्दिक पांड्या ने लंबे समय तक फिनिशर की भूमिका निभाई है। वह अपनी क्षमता और अपने काम के कारण कहीं भी बल्लेबाजी कर सकते हैं।"












Click it and Unblock the Notifications