गाैतम गंभीर बोले- इन दोनों को बहुत सपोर्ट मिला, बाहर हुए तो हैरानी नहीं होगी
नई दिल्ली। भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर ने कहा कि अजिंक्य रहाणे और चेतेश्वर पुजारा को पर्याप्त मौके मिले हैं और अगर उन्हें साउथ अफ्रीका के खिलाफ कड़े मुकाबले में नाकाम रहने के बाद टीम से बाहर कर दिया जाता है तो उन्हें हैरानी नहीं होगी। भारतीय टीम ने पुजारा और रहाणे का समर्थन करना जारी रखा हुआ है, लेकिन साउथ अफ्रीका में टेस्ट सीरीज हार में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद दोनों पर काफी दबाव बढ़ गया है।
यह भी पढ़ें- जो बना भारत की हार का कारण, उसे देख शास्त्री को आई अपने बचपन के 'हीरो' की याद

दोनों को बहुत सपोर्ट मिला है
दोनों दिग्गज बल्लेबाज भारतीय टीम में अपनी जगह बचाने के लिए संघर्ष कर रहे थे, लेकिन साउथ अफ्रीका में फ्लाॅप होने के कारण दोनों के लिए हालात और खराब हो गए। रहाणे ने जहां 3 टेस्ट में 136 रन बनाए, वहीं पुजारा ने 3 टेस्ट में 124 रन बनाए। इसी के साथ भारत ने साउथ अफ्रीका में पहली टेस्ट सीरीज जीतने का सपना भी तोड़ लिया। गंभीर ने स्टार स्पोर्ट्स पर बोलते हुए कहा, "पुजारा और रहाणे को बहुत सपोर्ट मिला है, इसके बारे में कोई शक नहीं हैं। टीम प्रबंधन ने इस जोड़ी का समर्थन किया है। लेकिन आपको यह भी देखना होगा कि विहारी 28 साल के हैं।"

अब इनका समर्थन करना होगा
गंभीर ने आगे कहा कि भारतीय टीम को श्रीलंका के खिलाफ आगामी घरेलू सीरीज में हनुमा विहारी, शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर की ओर अपना ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा, "इससे पहले कि कि उनका समय निकल जाए, आपको अब उनका समर्थन करना होगा। श्रेयस अय्यर के साथ भी, जिन्होंने पहले ही कानपुर टेस्ट में शतक के साथ अपनी क्षमता दिखा दी है। शुभमन गिल भी भविष्य के लिए अच्छे बल्लेबाज हैं। रहाणे और पुजारा दोनों जानते हैं कि उन्हें पर्याप्त मौके दिए गए हैं। और अगर उन्हें अगली सीरीज से बाहर कर दिया जाता है तो उन्हें हैरानी नहीं होगी।"

दोनों की हो रही आलोचना
बता दें कि सीरीज खत्म होते ही अब दोनों बल्लेबाजों की आलोचना शुरू हो चुकी है। खासकर अजिंक्य रहाणे सवालों के घेरे में आ रहे हैं। क्रिकेटर से कमेंटेटर बने संजय मांजरेकर ने तो रहाणे को घरेलू क्रिकेट खेलने की सलाह दे दी। उनका कहना है कि अगर वो होते तो रहाणे को एक भी और माैका नहीं देते। पिछले साल ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एमसीजी में अपनी मैच जीतने वाली 112 रनों की पारी के बाद रहाणे कोई प्रभावशाली पारी नहीं खेल पाए हैं। वहीं साउथ अफ्रीका के खिलाफ 3 मैचों की सीरीज में 6 पारियों में 48, 20, 0, 58, 9, 1 का स्कोर किया। पिछले 50 टेस्ट में रहाणे के प्रदर्शन की बात करें तो 85 पारियों में 33.23 की औसत से 2659 रन बनाए हैं। इस दौरान चार शतक और 16 अर्धशतक जड़े हैं।
वहीं पुजारा का भी ऐसा ही हाल रहा है। उन्होंने आखिरी टेस्ट शतक 3 जनवरी 2019 को लगाया था। पुजारा ने 6 पारियों में 0, 16, 3, 53, 43, 9 का स्कोर किया जो उनके अनुभव के हिसाब से बिल्कुल भी मेल नहीं खाता। सिर्फ दूसरे टेस्ट की दूसरी पारी में वह टच में दिखे थे जब 53 रनों की पारी खेली थी।












Click it and Unblock the Notifications