'ये सब बेकार की चीजें,' वर्ल्ड कप जीत के 1 दिन बाद भड़के गौतम गंभीर, क्यों और किस पर निकाला गुस्सा
Gautam Gambhir: भारतीय टीम के टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने के ठीक एक दिन बाद, जहां पूरी दुनिया जश्न में डूबी है, वहीं टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर ने अपने एक बयान से सबको चौंका दिया है। अक्सर कहा जाता है कि टीम की जीत के पीछे ड्रेसिंग रूम का अच्छा माहौल सबसे बड़ी वजह होती है, लेकिन गंभीर ने इस नैरेटिव को पूरी तरह से बकवास और बेकार करार दिया है।
इंडिया टुडे से बातचीत करते हुए भारतीय कोच ने कहा कि टीम एटमॉस्फियर जैसी बातें सिर्फ बाहर से सुनने में अच्छी लगती हैं। गंभीर के मुताबिक ये सब बेकार की चीजें हैं। आप मैच तब जीतते हैं जब आपके पास टैलेंट होता है और आप मैदान पर अच्छा प्रदर्शन करते हैं। माहौल अपने आप बन जाता है जब आप जीतना शुरू करते हैं।

गौतम गंभीर का सीधा निशाना
गौतम गंभीर हमेशा से अपनी बेबाकी के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने साफ किया कि जीत का श्रेय खिलाड़ियों के कौशल और उनकी मेहनत को मिलना चाहिए, न कि किसी काल्पनिक ड्रेसिंग रूम वाइब को। उनके इस बयान को उन जानकारों के लिए जवाब माना जा रहा है जो पिछले कुछ समय से टीम की सफलता का श्रेय कोच और कप्तान के बीच के दोस्ताना माहौल को दे रहे थे।
वर्ल्ड कप ट्रॉफी हाथ में आने के तुरंत बाद गंभीर का यह सख्त रुख सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। फैंस इसे आलोचकों के लिए करारा जवाब मान रहे हैं। सीरियस मूड में रहने वाले भारतीय कोच वर्ल्ड कप जीतने के बाद प्रेस वार्ता में भी आए थे और आराम से सभी सवालों के जवाब दिए।
गौतम गंभीर ने रचा इतिहास
भारतीय क्रिकेट इतिहास में गौतम गंभीर ऐसे कोच बन गए हैं, जिन्होंने दो आईसीसी इवेंट जीते हैं। पिछले साल चैम्पियंस ट्रॉफी का खिताब जीतने के बाद अब टी20 वर्ल्ड कप का टाइटल जीतकर गंभीर ने अपना नाम इतिहास के सुनहरे पन्नों में दर्ज करा लिया है। आने वाले दिनों में बतौर कोच उनका यह रिकॉर्ड तोड़ पाना आसान काम तो नहीं लग रहा है।












Click it and Unblock the Notifications