'नमाज अदा करने के लिए किसने कहा...?' ICC से शिकायत को लेकर PAK स्पिनर ने PCB को लगाई फटकार, गिनाई गलतियां
India vs Pakistan Match: आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप में 14 अक्टूबर को भारत के हाथों में मिली हार के बाद से पाकिस्तान की बौखलाहट बढ़ती जा रही है। अहमदाबाद में भारत की यह कट्टर प्रतिद्वंद्वियों पर रिकॉर्ड 8वीं जीत थी। पीसीबी की नापाक हरकतों को लेकर अब पूर्व क्रिकेटर दानिश कनेरिया ने बोर्ड की जमकर क्लास लगाई है।
दरअसल, दानिश कनेरिया ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत बनाम पाकिस्तान मैच के दौरान भीड़ के व्यवहार के खिलाफ आईसीसी (ICC) में शिकायत दर्ज करने के लिए पीसीबी (PCB) की आलोचना की है। पीसीबी ने विश्व कप में भाग लेने की उम्मीद कर रहे पाकिस्तानी पत्रकारों और फैंस को जारी किए गए वीजा की कमी पर अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद के समक्ष विरोध दर्ज कराया है।

कनेरिया ने पीसीबी पर निशाना साधते हुए कहा कि बोर्ड सिर्फ 'दूसरों में गलतियां' ढूंढ रहा है और अपनी गलतियों पर ध्यान नहीं दे रहा है। पूर्व स्पिनर ने आगे उन घटनाओं पर प्रकाश डाला, जिन्होंने चल रहे इवेंट में बहस छेड़ दी है, जिसमें पाकिस्तान टीम के निदेशक मिकी आर्थर द्वारा विश्व कप को 'बीसीसीआई इवेंट' कहना और रिजवान द्वारा मैदान पर नमाज पढ़ना शामिल था।
कनेरिया ने एक्स पर पोस्ट में कहा कि, 'पाकिस्तानी पत्रकार जैनब अब्बास को भारत और हिंदुओं के खिलाफ टिप्पणी करने के लिए किसने कहा? मिकी आर्थर से आईसीसी इवेंट को बीसीसीआई इवेंट कहने के लिए किसने कहा था? रिजवान को खेल के मैदान में नमाज पढ़ने के लिए किसने कहा? दूसरों में दोष मत ढूंढो।'
इस बीच समाचार एजेंसी पीटीआई ने कहा है कि पीसीबी की क्रिकेट प्रबंधन समिति के अध्यक्ष जका अशरफ भारत की अपनी यात्रा पर चर्चा करने के लिए वरिष्ठ बोर्ड अधिकारियों के साथ कई बैठकें कर रहे हैं।
रिपोर्ट में एक सूत्र के हवाले से कहा गया है, जका अशरफ खुद भारत के खिलाफ मैच के लिए अहमदाबाद में मौजूद थे और कुछ घटनाओं के गवाह थे, जिससे वह नाखुश थे, इसके बावजूद कि भारतीय क्रिकेट अधिकारियों ने उनके दौरे के बाद उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।'
सूत्र ने कहा कि जका भारत के खिलाफ खिलाड़ियों के प्रदर्शन से बेहद निराश थे और लौटने से पहले उन्होंने उनसे कहा था कि वे अहमदाबाद की हार को भूल जाएं और अपने शेष मैचों का इंतजार करें। इससे पहले पाकिस्तान के टीम निदेशक आर्थर ने भारत से हार के बाद भीड़ के व्यवहार और उनकी टीम पर इसके प्रभाव के बारे में बात की थी और आईसीसी के अध्यक्ष ग्रेग बार्कले ने जवाब दिया था कि खेल की विश्व संचालन संस्था विश्व कप को एक सफल आयोजन बनाने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications